धरना पर बैठे सोलर पावर प्लांट के सुरक्षाकर्मी
पिपरवार में सीसीएल से संचालित सोलर पावर प्लांट कारो के निजी सुरक्षाकर्मी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गये हैं.
प्रतिनिधि, पिपरवार.
पिपरवार में सीसीएल से संचालित सोलर पावर प्लांट कारो के निजी सुरक्षाकर्मी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गये हैं. एलएनबी कंपनी में कार्यरत सभी 14 सुरक्षाकर्मी प्लांट के गेट के बाहर चार सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठ गये हैं. उन्होंने प्लांट का देखरेख कर रही एलएनबी कंपनी पर आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है. उन्हें न्यूनतम मजदूरी से भी कम वेतन देने की बात कही. सुरक्षाकर्मी अनस्कील्ड वेतन 783 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं. आरोप है कि कंपनी ने तीन वर्षों से उनके ईपीएफ एकाउंट में पैसे जमा नहीं किये हैं. इसके अलावा प्रत्येक महीने के सात तारीख तक वेतन भुगतान करने व सुरक्षा उपकरण जूता, टार्च लाइट, वर्दी व डंडा देने की मांग कर रहे हैं. सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उक्त मांगों के संबंध में हमने पिपरवार जीएम को लिखित आवेदन दिया था. पर, निर्धारित समय के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गयी. जिसकी वजह से उन्हें अपने अधिकारों के लिए धरने पर बैठना पड़ा. सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती है, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे. धरना पर बैठे सुरक्षाकर्मियों में करण कुमार महतो, अवध कुमार ठाकुर, कृष्णा कुमार महतो, एजाजुल, आकाश उरांव, सनाउल अंसारी, रवि कुमार, मनोज कुमार, पंकज कुमार ठाकुर, धनंजय कुमार, इबरार, गोपाल मुंडा, देवनाथ मुंडा व राजेश उरांव शामिल हैं.