Ranchi Mayor Election: रांची नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर गहमागहमी काफी बढ़ गई है. निर्वाचन आयोग की ओर से सात फरवरी को चुनाव चिह्न मिल जाने के बाद से ही सभी 11 प्रत्याशी ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रचार में जुट गए हैं. बिजली के खंभों और चौक-चौराहों पर प्रत्याशी, उनके चुनाव चिह्न और क्रम संख्या की तस्वीर वाले छोटे-बड़े पोस्टर टंग गए हैं. जिन इलाके में पोस्टर दिखाई दे रहे हैं, उन इलाकों में चुनाव चिह्न को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. निर्वाचन आयोग की ओर से दिए गए चुनाव चिह्नों पर प्रत्याशियों का अपना-अपना तर्क है, लेकिन इन पर मजे लेने वालों का अपना मिजाज है.
ये कैसे-कैसे चुनाव चिह्न हैं?
रांची के गली-मोहल्ले और चाय की दुकानों पर चुनाव चिह्न के साथ प्रत्याशियों के व्यक्तित्व को भी आंका जा रहा है. चर्चा यह है कि चुनाव आयोग ने रोशनी खलखो को बिस्कुट चुनाव चिह्न दिया है, तो रमा खलखो को बेंच मिली है. प्रवीण कच्छप को चूड़ियां मिलीं, तो किरण कुमारी को एसी (एयर कंडीशनर) दिया गया है. लोग यह भी कहते दिखाई दे जाते हैं कि निर्वाचन आयोग कम से कम आदमी का चेहरा तो देख लेता. कैसा-कैसा चुनाव चिह्न बांटा है? छड़ी, बैटरी टॉर्च, बक्सा, ईंटा ये भी कोई चुनाव चिह्न है? देना भी था, तो कोई ढंग का देता? वोटर मतदान करके आएगा, तो क्या बोलेगा? ईंटा पर मुहर मार के आए हैं?
किसे कौन सा मिला चुनाव चिह्न?
रांची के मेयर पद के लिए जिन 11 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न मिला है, उनमें रोशनी खलखो को बिस्किट, रमा खलखो को बेंच, सुजाता कच्छप को बक्सा और किरण कुमारी को एयरकंडीशनर शामिल है. इसके अलावा, देवी दयाल मुंडा को छड़ी, प्रवीण कच्छप को चुड़ियां, विनोद कुमार बड़ाइक को बैटरी टॉर्च, सुजीत विजय आनंद कुजूर को ईंट, सुमन कांत तिग्गा को बाल्टी, सुरेंद्र लिंडा को फोटो खींचने वाला कैमरा और सोनू खलखो को कॉरपेट चुनाव चिह्न के तौर पर मिला है.
एआई का बोलबाला, पोस्टर तैयार करा रहे प्रत्याशी
इस बार के नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी एकदम हाईटेक तरीके से प्रचार के सामान तैयार करा रहे हैं. आभासी दुनिया और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है. मेयर पद के 11 प्रत्याशियों में से कई लोग एआई के जरिए पोस्टर तैयार करा रहे हैं. यहां तक कि एआई से तैयार वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करके समर्थन जुटाया जा रहा है. कुछ लोग सोशल मीडिया और आभासी दुनिया के तमाम उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि, कुछ उम्मीदवारों ने अपने चुनावी हलफनामों में यह दावा भी किया है कि उनका सोशल मीडिया से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है. व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक ट्विटर आदि सोशल साइट्स पर प्रत्याशियों के समर्थक फोटो, पोस्टर और वीडियो पोस्ट करके माहौल बनाने में जुटे हैं.
इसे भी पढ़ें: रांची-टोरी लाइन के सवारियों के लिए खुशखबरी, 15 मार्च से फिर दौड़ेंगी ट्रेन
23 फरवरी को मिलेगी झलक
मेयर पद के प्रत्याशियों की ओर से धुआंधार प्रचार की असली झलक 23 फरवरी को देखने को मिलेगी. निर्वाचन आयोग की ओर से निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान की तारीख तय की गई है और 27 फरवरी को मतगणना होगी. 23 फरवरी को पोलिंग बूथों के आगे मतदाताओं की भीड़ जुटेगी. लोग वोट करेंगे. पोलिंग बूथ से बाहर निकलेंगे, तो एक वोटर दूसरे वोटर से पूछते नजर आएंगे, ईंटा पर वोट दिए या बिस्कुट पर? कोई पूछेगा कि बेंच पर दिया? तो कोई एयरकंडीशन और छड़ी की हाल-चाल पूछेगा.
इसे भी पढ़ें: पीक ऑवर में नहीं कटेगी बिजली, झारखंड में बनेगा 500 मेगावाट का पावर बैंक
