रांची के बहुबाजार-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाई ओवर का काम सिर्फ 37%, 14 जून को खत्म हो रही डेडलाइन

Ranchi Flyover News: रांची के बहुबाजार-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य तय डेडलाइन (14 जून 2026) से ठीक 10 दिन पहले सिर्फ 37% ही पूरा हो पाया है. 213 करोड़ की इस योजना में जमीन विवाद के कारण कैंटीलिवर ब्रिज का मुख्य काम अभी बाकी है. पथ निर्माण विभाग ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

रांची से मनोज लाल की रिपोर्ट

Ranchi Flyover News, रांची: राजधानी रांची के यातायात को सुगम बनाने के लिए बेहद जरूरी माने जा रहे बहुबाजार-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाई ओवर (Bahubazar-Siramtoli Connecting Flyover) का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा होना अब मुश्किल नजर आ रहा है. एग्रीमेंट के मुताबिक, आगामी 14 जून 2026 को इस फ्लाई ओवर का काम पूरा कर लिया जाना है. यानी कार्य पूर्ण करने में अब मात्र 10 दिन का समय शेष बचा है, लेकिन धरातल पर अब तक केवल 37 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है.

फ्लाई ओवर को जोड़ने का मुख्य काम बाकी

फ्लाई ओवर के निर्माण में अभी सबसे पेचीदा और बड़ा हिस्सा बाकी है. दोनों बड़े फ्लाई ओवरों (सिरमटोली और कांटाटोली) को आपस में जोड़ने के लिए अभी कई महत्वपूर्ण काम पेंडिंग हैं. प्रोजेक्ट के तहत मुख्य पिलर तो तैयार करा लिए गए हैं, लेकिन उन पर डेक स्लैब डालने का काम अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है. दोनों फ्लाई ओवरों को जोड़ने के लिए बनने वाले कैंटीलिवर ब्रिज (Cantilever Bridge) का काम अभी शुरुआती चरण में है. इसके लिए एक साइड में मात्र दो पिलर के लिए ही पाइलिंग का काम हुआ है, जबकि अभी तीन और साइडों में यह काम कराया जाना बाकी है. इसी ब्रिज के सहारे दोनों फ्लाई ओवर आपस में जुड़ेंगे.

Also Read: जंगीपुर गोलीकांड: साली की तस्वीर सोशल मीडिया पर किया वायरल तो मार दी गोली, आरोपी गिरफ्तार

जमीन की अड़चन बनी रोड़ा

हाल ही में पथ निर्माण विभाग (Road Construction Department) के इंजीनियरों ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया था. इंजीनियरों के अनुसार, जमीन की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं के कारण कार्य की रफ्तार काफी प्रभावित हुई है. हालांकि, अब इन अड़चनों को दूर किया जा रहा है. कुछ जगहों पर जमीन मिलने के बाद ही कैंटीलिवर ब्रिज के लिए पाइलिंग का काम शुरू कराया गया है. विभाग ने ठेकेदार और संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाकर इसे जल्द से जल्द पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है.

बन जाने से मिलेगी बड़ी राहत: 213 करोड़ की है योजना

इस कनेक्टिंग फ्लाई ओवर के बन जाने से रांची वासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी. वर्तमान में राहगीरों को एक फ्लाई ओवर से उतरकर दूसरे फ्लाई ओवर को पकड़ने के लिए नीचे ट्रैफिक में आना पड़ता है. 1.25 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिंग फ्लाई ओवर के बनने के बाद लोग ऊपर ही ऊपर एक से दूसरे फ्लाई ओवर पर आ-जा सकेंगे. इस महत्वाकांक्षी योजना का एग्रीमेंट 14 अक्टूबर 2024 को किया गया था, जिसके लिए सरकार द्वारा करीब 213 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी. लेकिन सुस्त रफ्तार के कारण अब यह तय समय पर जनता को समर्पित होता नहीं दिख रहा है.

Also Read: Dumka: डीएसओ राजशेखर ने दुमका से बासुकिनाथ तक की 25 किमी साइकिल यात्रा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >