Ranchi Crime: राजधानी रांची में चोरों ने जयपाल सिंह स्टेडियम के मुख्यद्वार के बाहर से चुटिया थाना में तैनात दारोगा निरंजन कुमार महतो की मोटरसाइकिल चोरी कर ली. घटना को लेकर उन्होंने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
प्राथमिकी के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 5.30 बजे निरंजन कुमार महतो ने अपनी बाइक जयपाल सिंह स्टेडियम के मुख्यद्वार के बाहर खड़ी की थी. इसके बाद वे मॉर्निंग वॉक के लिए स्टेडियम के अंदर चले गए. करीब 20 मिनट बाद जब वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी बाइक वहां से गायब थी.
इस दौरान उन्होंने आसपास अपनी बाइक की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी. वहीं, पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जिसमें एक युवक मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
ये भी पढ़ें- जेएसएससी का हालः हर नियुक्ति में लग रहे तीन से चार साल, टुकड़ों में जारी हो रहा रिजल्ट, कटऑफ का पता नहीं
बीआईटी साप्ताहिक बाजार के पास से CDPO की कार चोरी
दूसरी ओर सदर थाना क्षेत्र के मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीआईटी साप्ताहिक बाजार के पास से भी चोरों ने नामकुम में पदस्थापित सीडीपीओ सविता कुमार वर्मा की ऑल्टो कार चोरी कर ली है. घटना 15 अगस्त की शाम करीब 5.30 बजे की है. इस मामले को लेकर भी प्राथमिकी दर्ज करा ली गई है.
जानकारी के अनुसार, सविता कुमार वर्मा अपनी कार से बीआईटी साप्ताहिक बाजार गयी थीं. उन्होंने बीआइटी शिक्षण संस्थान की ओर जाने वाली सड़क के बायीं ओर कार खड़ी की और सब्जी खरीदने बाजार चली गयीं. करीब एक घंटे बाद शाम 6.30 बजे जब वह वापस लौटीं, तो कार वहां से गायब थी.
उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी देर तक कार की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार की तलाश शुरू कर दी है.
