रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट कैंपस में पहुंची बीडीडीएस की टीम, देखें वीडियो

Ranchi Bomb Threat: रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता जांच में जुट गया. इससे पहले भी कोर्ट, समाहरणालय और पासपोर्ट कार्यालय को धमकी मिल चुकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से अजय दयाल की रिपोर्ट

Ranchi Bomb Threat: झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. अपराधियों ने ईमेल के जरिए धमकी भरा संदेश भेजा है. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीम कोर्ट परिसर पहुंची और पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी गई. सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

पहले भी मिल चुकी है धमकी

यह पहली बार नहीं है जब रांची सिविल कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली हो. इससे पहले 6 फरवरी और 28 फरवरी को भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इन घटनाओं के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी. इसके बावजूद पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है.

समाहरणालय और पासपोर्ट कार्यालय को भी मिली थी धमकी

पिछले दिनों रांची के समाहरणालय भवन और पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. इन सभी मामलों में पुलिस ने जांच की, लेकिन कहीं भी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली. हालांकि, लगातार मिल रही धमकियों के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.

कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

लगातार मिल रही धमकियों के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. पुलिस की ओर से कोर्ट परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की जांच भी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच साइबर एंगल से भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया है.

इसे भी पढ़ें: रांची आने के बजाय कोलकाता पहुंच गया एयर इंडिया का विमान, कोहरे के कारण रूट किया गया डायवर्ट

बोकारो में भी कोर्ट को मिली धमकी

इधर सोमवार को बोकारो जिले में भी उस समय हड़कंप मच गया जब सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी कोर्ट के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई थी. ईमेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं. इसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया.

इसे भी पढ़ें: बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >