Ranchi Waterlogging: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. बारिश का पानी नालियों से निकलकर कई प्रमुख सड़कों पर बहने लगा. रांची रेलवे स्टेशन, स्मार्ट सिटी धुर्वा गोलचक्कर, हरमू बाइपास और डीपीएस स्कूल से पहले समेत कई इलाकों में सड़क पर पानी बहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, सड़क किनारे पानी जमा होने से फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ.
फुटपाथ दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पानी फिरा
बारिश के दौरान रांची स्टेशन के आसपास नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा. इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा. सामान और बच्चों के साथ सड़क पार करने में लोगों को काफी परेशानी हुई. सड़क किनारे दुकान लगाने वाले कारोबारियों ने बताया कि बारिश के दौरान ग्राहकों की संख्या कम हो जाती है. साथ ही दुकानों में रखे सामान को पानी से बचाना भी मुश्किल होता है.
ये भी पढ़ें- विधानसभा में सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, 14वीं JPSC और दो बैकलॉग परीक्षाएं होंगी रद्द
खोरहाटोली कोकर में हुआ जलजमाव
भारी बारिश के कारण खोरहाटोली कोकर में भी सड़कों पर जलजमाव हो गया. इससे वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय निवासियों की मानें तो इस जलजमाव को दूर करने के लिए कई बार निगम में पत्राचार किया गया है. लेकिन अब तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है.
ये भी पढ़ें- मेदिनीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होगी उड़ान सेवा, सांसद वीडी राम ने लोकसभा में उठाया मुद्दा
