Political news : महिलाओं को उच्च शिक्षा प्रदान करना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सीएम ने महिला कॉलेजों व महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा की.नवनिर्माण व जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश.

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के महिला कॉलेजों व महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के निर्माण और जीर्णोद्धार से संबंधित कार्य योजनाओं की समीक्षा की. झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने रांची, चाईबासा, गिरिडीह, धनबाद, दुमका व हजारीबाग सहित अन्य जिलों में प्रस्तावित महिला कॉलेजों के नवनिर्माण और जीर्णोद्धार में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित महिला कॉलेजों के निर्माण व जीर्णोद्धार कार्य में आने वाली बाधाओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नये महिला कॉलेजों की स्थापना होने से राज्य की छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे. भवनों में सेंट्रलाइज्ड वाटर टैंक, यूटिलिटी सेंटर ग्रीन कैंपस, एनर्जी एफिशिएंसी आदि पर फोकस करने का सुझाव दिया.

बनाया गया डीपीआर

बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि रांची महिला महाविद्यालय के नवनिर्माण व जीर्णोद्धार कार्य के लिए 364 करोड़ रुपये की लागत का डीपीआर बनाया गया है. वहीं, महिला महाविद्यालय चाईबासा के नव निर्माण तथा जीर्णोद्धार के लिए 281 करोड़ रुपये, आरके महिला महाविद्यालय गिरिडीह के जीर्णोद्धार के लिए 8.60 करोड़ व 20 एकड़ भूमि पर नये भवन निर्माण के लिए 242 करोड़ रुपये, एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय धनबाद के नवनिर्माण तथा जीर्णोद्धार के लिए 37.47 करोड़ रुपये व 25 एकड़ भूमि पर नया भवन बनाने के लिए 162 करोड़ रुपये, एसपी महिला महाविद्यालय दुमका के नव निर्माण के लिए 43.62 करोड़ रुपये, केवी महिला महाविद्यालय हजारीबाग के नवनिर्माण तथा जीर्णोद्धार के लिए 32 करोड़ रुपये, वाइएसएन महिला महाविद्यालय मेदनीनगर पलामू के नवनिर्माण तथा जीर्णोद्धार कार्य के लिए 29.18 करोड़ रुपये, आरडी बाजला महिला महाविद्यालय देवघर के नवनिर्माण तथा जीर्णोद्धार कार्य के लिए 23.78 करोड़ रुपये और द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेंस जमशेदपुर के जीर्णोद्धार के लिए 16.65 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है.

सीएम को कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी गयी

बैठक में मुख्यमंत्री को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थान रांची, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थान जमशेदपुर, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थान बोकारो व राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थान दुमका को स्टेट ऑफ द आर्ट संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए बनायी गयी कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी गयी. मौके पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव सुनील कुमार, अवर सचिव सैयद रियाज अहमद, उप निदेशक डॉ विभा पांडे आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >