Pradeep Kumar Mahto 40 Under 40 Award: एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' का भव्य आयोजन नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में संपन्न हुआ. समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. उन्होंने एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा के साथ देशभर से चयनित 40 वर्ष से कम आयु के युवा पत्रकारों को सम्मानित किया. इसी कड़ी में प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार प्रदीप कुमार महतो को भी पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए '40 अंडर 40' सम्मान से नवाजा गया.
देशभर के 40 युवा पत्रकारों को मिला सम्मान
समारोह में केंद्रीय सूचना आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी सहित प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के कई वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं. यह 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' का चौथा संस्करण था. इससे पहले भी तीन संस्करणों में देशभर के प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को इस सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है. इस सम्मान की विशेषता यह है कि इसके तहत 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे 40 पत्रकारों का चयन किया जाता है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य के दम पर पत्रकारिता के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है.
प्रतिष्ठित जूरी ने किया चयन
इस वर्ष भी 'हिन्दुस्तान' के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने जूरी चेयर की भूमिका निभाई। प्रतिष्ठित जूरी पैनल में 'बिजनेसवर्ल्ड ग्रुप' और 'एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप' के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा; 'बीएजी नेटवर्क' की सीएमडी और 'न्यूज24' की एडिटर-इन-चीफ अनुराधा प्रसाद; केंद्रीय सूचना आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी; 'आजतक', 'गुड न्यूज टुडे' और 'इंडिया टुडे' के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद; 'अमर उजाला' (डिजिटल) के संपादक जयदीप कर्णिक; 'इंडिया हैबिटेट सेंटर' के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) के.जी. सुरेश; 'लाइव टाइम्स' के डायरेक्टर (न्यूज) दीपक चौरसिया; बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (BCCL) के कॉरपोरेट अफेयर्स हेड राहुल महाजन; 'जी न्यूज' के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा तथा 'इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी' के पूर्व प्रेजिडेंट राकेश शर्मा शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार प्रदीप महतो को मिला '40 अंडर 40' सम्मान
प्रदीप कुमार महतो पिछले 15 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय हैं. प्रभात खबर डिजिटल से पहले वे लाइव हिंदुस्तान, न्यूज18, अमर उजाला, NewJ, ईटीवी भारत, न्यूज11 भारत और साधना न्यूज जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में झारखंड टीम का नेतृत्व कर रहे हैं. मूल रूप से झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र स्थित टाटा सिजुआ के निवासी प्रदीप कुमार महतो ने शहीद शक्तिनाथ महतो स्कूल से मैट्रिक तथा इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने रांची से स्नातक और नई दिल्ली से मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की. अपने पत्रकारिता करियर के दौरान वे दिल्ली, नोएडा, रांची, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों में रहकर विभिन्न मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके हैं और लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
दिल्ली में गूंजा झारखंड का नाम, प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार प्रदीप महतो को मिला '40 अंडर 40' सम्मान
