रांची. राज्य के सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की है. यह निर्णय रविवार को प्रभात तारा मैदान में हुई झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक में लिया गया. बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है. शिक्षकों को अब तक केवल आश्वासन दिया जा रहा है. शिक्षक समान काम के लिए समान वेतन, आकलन परीक्षा को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के समान मान्यता देने, टेट सफल सहायक अध्यापक को सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति व सेवानिवृत्ति की उम्र 65 वर्ष करने की मांग कर रहे हैं. 30 अक्तूबर तक मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया. निर्णय लिया गया कि शिक्षक पांच नवंबर को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के गिरिडीह स्थित आवास का घेराव करेंगे. इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो राज्य भर के पारा शिक्षक 15 नवंबर को मोरहाबादी में जमा होंगे और राज्य के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम विरोध करेंगे. बैठक में विनोद बिहारी महतो, विनोद तिवारी, संजय दुबे, ऋषिकेश पाठक, दिलशाद अंसारी, सिंटू सिंह, विकास कुमार चौधरी, नरोत्तम सिंह मुंडा, भगवत तिवारी, वीरेंद्र राय आदि थे.
15 नवंबर को करेंगे हड़ताल की घोषणा
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षक 15 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में ही हड़ताल की घोषणा करेंगे. 15 नवंबर के बाद शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जायेंगे. उल्लेखनीय है कि राज्य भर में लगभग 60 हजार पारा शिक्षक हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
