शव की पहचान चंदवा थाना के रोहम निवासी केलो मुंडा का पुत्र पंचम मुंडा (18) के रूप में की गयी
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
मैक्लुस्कीगंज
पुलिस ने थाना क्षेत्र के जोराकाठ जंगल से मंगलवार को एक क्षत-विक्षत शव बरामद की है. उसकी पहचान चंदवा थाना के रोहम निवासी केलो मुंडा का पुत्र पंचम मुंडा (18) के रूप में की गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचम मुंडा ट्रैक्टर चालक था. वह मैक्लुस्कीगंज जोराकाठ निवासी सुधीर मुंडा का ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मां बुधनी देवी ने बताया कि शनिवार की सुबह बेटे पंचम से अंतिम बार फोन पर उनकी बात हुई थी. उसके बाद से वह लापता था. खलारी इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया. थाना प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि पंचम शनिवार से ही लापता था. इस बात की जानकारी ट्रैक्टर मालिक या परिजनों ने थाना पुलिस को नहीं दी. किसी अन्य व्यक्ति की सूचना पर जंगल से शव बरामद कर लिया गया है. जांच पड़ताल की जा रही है. मामले में पूछताछ के लिए दो लोगों को थाना लाया गया है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।