सिल्ली. सिल्ली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को प्रकृति पर्व करमा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. कई दिनों की तैयारी के बाद ग्रामीणों ने करम डाल की विधिवत पूजा-अर्चना की. बहनों ने भाइयों को तिलक-चंदन लगाकर कलाई में रक्षा सूत्र बांधा और उनकी सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की.
पूजा के बाद रातभर गांवों के अखाड़े करम गीतों और मांदर-ढोल की थाप से गूंजते रहे. डीजे की धुन पर भी युवक-युवतियां, महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ नृत्य करते नजर आये. पारंपरिक परिधान में सजे ग्रामीणों के सामूहिक नृत्य ने पर्व की रंगत बढ़ा दी.
देर रात तक विभिन्न अखाड़ों में गीत-संगीत और नृत्य का दौर चलता रहा. गांवों में करमा पर्व को लेकर पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा.
