जेएसएससी का हालः हर नियुक्ति में लग रहे तीन से चार साल, टुकड़ों में जारी हो रहा रिजल्ट, कटऑफ का पता नहीं

राज्य में हजारों अभ्यर्थी JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में भाग लेते हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया में अत्यधिक देरी हो रही है. कई परीक्षाओं में रिजल्ट जारी होने के वर्षों बाद भी कटऑफ जारी नहीं किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में रोष है.

सुनील कुमार झा

रांचीः राज्य में हजारों अभ्यर्थी एक साथ आवेदन और परीक्षा देते हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति की राह अलग-अलग होती है. किसी अभ्यर्थी को नौकरी मिल जाती है, तो किसी का रिजल्ट लंबित रहता है. कहीं नियुक्ति पत्र बांटने के बाद अतिरिक्त रिजल्ट जारी होता है, तो कहीं नियुक्ति के बाद भी कटऑफ का इंतजार खत्म नहीं होता. कई अभ्यर्थी योगदान दे देते हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है. इन सबसे परीक्षा एजेंसी की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं.

प्रभात खबर ने जेएसएससी द्वारा शुरू की गई पांच अलग-अलग परीक्षाओं की प्रक्रिया की पड़ताल की. जेएसएससी की पांच प्रमुख नियुक्ति परीक्षाओं की टाइमलाइन बताती है कि विज्ञापन से नियुक्ति तक औसतन तीन से चार वर्ष लग रहे हैं और कई मामलों में चयन और रिजल्ट की प्रक्रिया योगदान के बाद भी जारी रहती है. अभ्यर्थी आवेदन जमा कर पहले परीक्षा, फिर रिजल्ट और बाद में कटऑफ का इंतजार करते रहते हैं.

जेएसएससी द्वारा शुरू की गई कुछ नियुक्ति प्रक्रियाएं पिछले तीन से चार वर्षों से जारी हैं. जेएसएससी द्वारा अधिकतर परीक्षाओं में रिजल्ट के साथ कट ऑफ जारी नहीं किया जा रहा है. इसके बाद भी सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा कर दी जाती है और सरकार के स्तर से नियुक्ति पत्र भी बांट दिए जाते हैं. कई मामलों में अभ्यर्थियों के योगदान करने के बाद भी कटऑफ और प्राप्तांक सार्वजनिक नहीं किए जाते हैं. नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने के साथ अभ्यर्थी अदालत का भी रुख करते हैं, इस कारण भी प्रक्रिया लंबी चलती है. आयोग द्वारा अधिकतर रिजल्ट प्रकाशन के दौरान नोटिस दिया गया है. इसके अनुसार अनिवार्य प्रमाण पत्रों/अभिलेखों की अनुपलब्धता, अस्पष्टता और बायोमीट्रिक मिलान असंपुष्ट रहने के आलोक में कतिपय अभ्यर्थियों का परीक्षाफल लंबित रखा गया है. इस संबंध में संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा दिये जानेवाले प्रमाण पत्रों और विभागीय मार्गदर्शन के आधार पर आयोग के निर्णयोपरांत परीक्षाफल में संशोधन संभावित है.

ये भी पढ़ें- नहीं रहे देवघर के सियासी सपूत कामेश्वरनाथ दास, 71 की उम्र में निधन से जदयू में शोक की लहर

महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति परीक्षाः रिजल्ट के एक वर्ष बाद भी कटऑफ नहीं

राज्य में महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति का रिजल्ट जारी होने के एक वर्ष बाद भी अब तक कटऑफ जारी नहीं किया गया है. जेएसएससी ने 14 अगस्त 2025 को रिजल्ट जारी किया. रिजल्ट के बाद 313 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा समाज कल्याण विभाग से की गई. इनमें से 61 अभ्यर्थी जांच के दायरे में हैं. इन अभ्यर्थियों के अलावा शेष अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर दिया गया है. 131 पदों पर रिजल्ट अभी लंबित है.

विज्ञापन : सितंबर 2023

परीक्षा : सितंबर 2024

प्रमाण पत्र सत्यापन : मई/जून 2025

रिजल्ट : अगस्त 2025

नियुक्ति पत्र वितरण : अप्रैल/मई 2026

नियुक्ति की स्थिति: अभी अंतिम रूप से नियुक्ति प्रक्रिया बंद नहीं हुई है

जूनियर इंजीनियरः 2022 की परीक्षा रद्द, 2023 में प्रक्रिया शुरू

जेएसएससी ने वर्ष 2021 में झारखंड डिप्लोमा स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा प्रक्रिया शुरू की थी. परीक्षा 2022 में हुई. प्रश्न पत्र लीक होने से परीक्षा रद्द कर दी गई. इसके बाद फिर वर्ष 2023 में 1562 पद के लिए प्रक्रिया शुरू हुई. अब नियुक्ति को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने कोर्ट में याचिका दायर की है.

विज्ञापन जारी हुआ : वर्ष 2021

परीक्षा हुई : वर्ष 2022

प्रश्न पत्र लीक होने से परीक्षा रदद्

दोबारा विज्ञापन जारी हुआः वर्ष 2023

परीक्षा हुई : सितंबर-अक्तूबर 2023

रिजल्ट जारी हुआ: पहला मार्च 2024, इसके बाद और रिजल्ट जारी हुआ

नियुक्ति पत्र वितरण : मार्च 2024, इसके बाद भी हुआ नियुक्ति पत्र वितरण

नियुक्ति की स्थिति: अभी अंतिम रूप से नियुक्ति प्रक्रिया बंद नहीं हुई है

माध्यमिक सहायक आचार्यः नियुक्ति की अनुशंसा, अंक का

जेएसएससी ने राज्य के प्लस टू स्कूलों में 1373 पदों के लिए परीक्षा ली थी. इस वर्ष जून से विषयवार रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हुई. जेएसएससी द्वारा अब तक लगभग 850 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा शिक्षा विभाग से की गई है, पर अब तक विषयवार कट ऑफ जारी नहीं हुआ है.

विज्ञापन जारी : 2025 ऑनलाइन

आवेदन शुरू : 18 जून 2025

लिखित परीक्षा : जनवरी 2026

विषयवार परिणाम : जून, जुलाई 2026 अभी 500 से अधिक पदों पर रिजल्ट लंबित, नियुक्ति पत्र वितरण प्रक्रियाधीन

ये भी पढ़ें- 17 अगस्त से हटेंगे बिजली खंभों पर लटके अवैध केबल, संबंधित कंपनियों से खर्च वसूलेगा JBVNL

26 हजार सहायक आचार्य नियुक्तिः एक वर्ष से टुकड़ों में जारी हो रहा रिजल्ट

2023 में 26 हजार सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा ली गयी. एक वर्ष से रिजल्ट निकालने की प्रक्रिया जारी है. आधा दर्जन से अधिक रिजल्ट भी जारी हुए हैं, फिर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है. नियुक्ति पत्र वितरण व नियुक्ति के बाद कोर्ट के आदेश से जनवरी 2026 में कट ऑफ जारी हुआ.

विज्ञापन जारी: वर्ष 2023, परीक्षा : वर्ष 2024 में.

परिणाम जारी होना शुरू: जुलाई 2025 से.

एक अगस्त 2025 को फिर संशोधित किया गया.

30 अगस्त को फिर से रिजल्ट में बदलाव हुआ.

सात नवंबर 2025 को अतिरिक्त रिजल्ट जारी हुआ.

12 दिसंबर को फिर और अभ्यर्थियों का रिजल्ट दिया.

मार्च 2026 में अभ्यर्थियों का प्रमाण पत्र सत्यापन हुआ.

नियुक्ति की स्थिति: अभी अंतिम रूप से नियुक्ति प्रक्रिया बंद नहीं हुई है

उत्पाद सिपाही नियुक्तिः तीन साल बाद भी फाइनल रिजल्ट का पता नहीं

राज्य में 583 उत्पाद सिपाही नियुक्ति के लिए वर्ष 2023 में प्रक्रिया शुरू हुई. नियुक्ति को लेकर अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी हो गयी है. फाइनल रिजल्ट जारी नहीं हुआ है.

विज्ञापन : 2023

शारीरिक दक्षता परीक्षा : 2024

शारीरिक दक्षता का रिजल्ट : 2025

लिखित परीक्षा : 12 अप्रैल 2026

मेडिकल जांच : जुलाई 2026 फाइनल रिजल्ट जारी नहीं हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अर्चना कुजूर

अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.

झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >