रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
JSSC Regional Worker Exam: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में स्थित 813 केंद्रों पर किया जायेगा. तीन लाख 22 हजार 867 अभ्यर्थी परीक्षा लिखेंगे. इन केंद्रों पर अभ्यर्थी ओएमआर शीट पर तीन पालियों में परीक्षा लिखेंगे. इस संबंध में जेएसएससी के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश और अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा जारी किया जा चुका है. शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं.
रांची में अभ्यर्थियों का जमावड़ा शुरू
वहीं, रांची में 132 परीक्षा केंद्र बनाया गया है. इन केंद्रों पर लगभग 60,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा में शामिल होने के लिए राजधानी रांची में अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया है. हजारों अभ्यर्थी अपने साधन से दिन में ही रांची पहुंच गये थे. बस व ट्रेनों में अभ्यर्थियों की भीड़ रही. रांची आनेवाली ट्रेनों के माध्यम से हजारों अभ्यर्थी पहुंचे. रेलवे स्टेशन व सरकारी बस डिपो में भी अभ्यर्थी नजर आये. देर रात तक अभ्यर्थियों का रांची पहुंचने का सिलसिला जारी था.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने को प्रतिबंधित किया गया है. जेएसएससी ने कहा है कि अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित सुचिता को बरकरार रखेंगे तथा किसी प्रकार के कदाचार संबंधी प्रयास में शामिल नहीं होंगे अन्यथा दोषी पाये जाने पर झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: बीट क्षेत्र का निवासी नहीं होने पर नौकरी से इनकार गलत, झारखंड हाईकोर्ट ने नियुक्ति पर दिया बड़ा आदेश
परीक्षा का कार्यक्रम
- प्रथम पाली: सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक.
- द्वितीय पाली: सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक.
- तृतीय पाली: दोपहर 3:30 से शाम 5:30 बजे तक.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के जोबला की आदिवासी महिलाओं ने जैविक खेती और अरहर दाल प्रोसेसिंग से बदली तकदीर
