परीक्षा कल थी, ईमेल आज आया: JSSC की तकनीकी चूक से छूटा अभ्यर्थी का एग्जाम, पीड़ित ने की जांच की मांग

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की एक गंभीर चूक के कारण एक अभ्यर्थी की परीक्षा छूट गई. एडमिट कार्ड परीक्षा संपन्न होने के अगले दिन भेजा गया. पीड़ित अभ्यर्थी ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट

JSSC Field Worker Exam, रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आयोग की लापरवाही के कारण 'झारखंड फील्ड वर्कर प्रतियोगी परीक्षा-2024' के एक अभ्यर्थी मयंक कुमार की परीक्षा छूट गई. हैरान करने वाली बात यह है कि परीक्षा संपन्न हो जाने के अगले दिन अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके कारण वह परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच सका.

परीक्षा खत्म होने के बाद आया JSSC का ईमेल

पीड़ित अभ्यर्थी मयंक कुमार ने इस पूरे मामले को लेकर लिखित रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराई है. मयंक ने बताया कि जेएसएससी (JSSC) की पूर्व सूचना के अनुसार, झारखंड फील्ड वर्कर प्रतियोगी परीक्षा 19 जुलाई को निर्धारित थी. परीक्षा के दिन तक उन्हें एडमिट कार्ड को लेकर कोई अपडेट नहीं मिला. लेकिन हद तो तब हो गई जब परीक्षा बीत जाने के अगले दिन यानी 20 जुलाई को सुबह 09:54 बजे उनके पास जेएसएससी की ओर से एक ईमेल आया, जिसमें एडमिट कार्ड डाउनलोड के लिए उपलब्ध होने की सूचना दी गई थी. सूचना मिलने में हुई इस तकनीकी और प्रशासनिक देरी के कारण मयंक अपना एडमिट कार्ड समय पर डाउनलोड नहीं कर सका और उनकी परीक्षा छूट गई. इस पूरी घटना से अभ्यर्थी को भारी परेशानी और गहरे मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें: चाची करती थी रेकी, पति-भतीजा पल्सर से करते थे कांड, कोडरमा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

अभ्यर्थी मयंक कुमार ने आयोग और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. उन्होंने आग्रह किया है कि डिजिटल सिस्टम की इस गंभीर खामी को तुरंत सुधारा जाए और इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में झारखंड के किसी भी अन्य परीक्षार्थी को ऐसी घोर लापरवाही और मानसिक प्रताड़ना का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें: गुमला पहली बार पहुंची डुरंड कप की ट्रॉफी, डीसी-एसपी ने किया भव्य स्वागत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >