जेपीएससी के तीन सदस्यों को नोटिस, सीआईडी करेगी पूछताछ

जेपीएससी नियुक्ति घोटाले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, जिसमें सीआईडी अब घोटाले के पीछे के बड़े चेहरों की तलाश कर रही है. अब आयोग के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है.

जेपीएससी नियुक्ति घोटाले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. अब तक की पूछताछ और गिरफ्तारियों के बाद सीआईडी की नजर अब घोटाले में शामिल बड़े नामों पर टिक गयी है. सूत्रों के अनुसार, सीआईडी को जानकारी मिली है कि टीडीपीएल में गड़बड़ी करनेवालों का मुख्य सूत्रधार वहां का मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी था, लेकिन वह भी असल में किसी का मोहरा था. एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार, टीडीपीएल कंपनी ने झारखंड के ही एक रसूखदार व्यक्ति को कथित तौर पर अपना पार्टनर बनाया था. सारे निर्देश इसी रसूखदार से नीचे के लोगों को मिलते थे. इसके बाद अब सीआईडी बड़े लोगों की तलाश में जुट गयी है. इसी क्रम में अब सीआईडी ने जेपीएससी के तीन सदस्यों डॉ अजिता भट्टाचार्य, डॉ अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. सोमवार से तीनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ शरू होगी. 

जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष से कई बार पूछताछ 

सीआईडी इस मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से पहले ही कई बार पूछताछ कर चुकी है. जांच की शुरुआत में ही उनके आवास और दफ्तर पर भी छापेमारी की गयी थी. इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके अलावा टीडीपीएल कंपनी के निदेशक और मार्केटिंग मैनेजर पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं. जेपीएससी की उपपरीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता ने भी गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में कई अहम जानकारी दी है. इसके बाद अब तीनों सदस्यों को सीआईडी ने समन किया है. ज्ञात हो कि इन तीनों सदस्यों की नियुक्ति दो सितंबर 2021 को हुई थी. पूछताछ में ही सीआईडी अब तक इस घोटाले से जुड़े 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. 

2000 अभ्यर्थियों ने भेजी ओएमआर: शीट 

सीआईडी को चौदहवीं जेपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों ने लगभग दो हजार ओएमआर शीट भेज दी है. इसकी जांच पहले से ही अधिकारी कर रहे हैं और संदिग्ध ओएमआर शीट को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है. 

ये भी पढ़ें- JPSC Student Protest: जनवादी लेखक संघ ने छात्रों के आंदोलन का किया समर्थन, सरकार से वार्ता की पहल करने की अपील

सीएम खुद कर रहे हैं मॉनिटरिंग 

इस पूरे घोटाले की जांच ही सीएम के निर्देश पर हो रही है. सीएम स्वयं ही समय-समय पर इसकी मानिटरिंग भी कर रहे हैं. कुछ बड़े नाम आने के बाद ही सीआईडी ने उन्हें इससे अवगत कराया था. इसके बाद सीएम ने खुले मंच पर साफ कर दिया कि घोटाले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि अगर जांच एजेंसी को उनके घर में भी छापेमारी करनी पड़े, तो उसे इसकी पूरी छूट है. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद ही सीआईडी रेस हो गयी है. राज्य के भीतर अलग-अलग हिस्सों में पड़ताल की जा रही है. एजेंसी जांच का दायरा राज्य के बाहर भी बढ़ा चुकी है. 

पूर्व अध्यक्ष के स्टाफ ने दी कई जानकारी 

सीआईडी ने जिन 19 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते के यहां कंप्यूटर ऑपरेटर रहे धर्मेंद्र व टीडीपीएल का लेखापाल रक्षक सिंह शामिल है. इन दोनों से सीआईडी ने प्रारंभिक पूछताछ की है, जिसमें उसने कई जानकारियां दी है. इनसे मिली जानकारी के बाद ही आयोग के सदस्यों को नोटिस भेजा गया है. इस बात के साक्ष्य मिले हैं कि इन दोनों को जेपीएससी में हो रही गड़बड़ियों की जानकारी थी. दोनों ही कंप्यूटर के डेटा और ओएमआर शीट में गड़बड़ी करते थे. अभ्यर्थियों से भी बातचीत करते थे. इनके फोन भी सीआइडी ने जब्त किये हैं, जिसकी जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- JSSC ने जारी किया झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा 2024 का प्रोविजनल मॉडल आंसर, 11 अगस्त तक ऑनलाइन आपत्ति


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By श्वेता वैद्य

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >