रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट
Ranchi News: बुधवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के थिएटर रोड में झारक्राफ्ट का नया इंपोरियम खोला गया है. झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इंपोरियम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह इंपोरियम केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह झारखंड के हजारों कारीगरों के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा. इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी. झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है.
उद्योग मंत्री ने कहा कि झाक्राफ्ट के नये इंपोरियम का शुभ उद्घाटन कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगर में होना हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला. बांस एवं लकड़ी के शिल्प और जनजातीय संस्कृति के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है.
दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का काम : सचिव
इस अवसर पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता, कला, साहित्य और संस्कृति का केंद्र रहा है. ऐसे शहर में झारक्राफ्ट के इस नये इंपोरियम की स्थापना दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगी. यहां आने वाले ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा.
अन्य महानगरों में भी इंपोरियम खोला जायेगा
झारक्राफ्ट की एमडी गरिमा सिंह ने कहा कि यह नया इंपोरियम कोलकाता के लोगों के बीच विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नयी पहचान दिलायेगा. आने वाले दिनों में झारक्राफ्ट अन्य महानगरों में भी नये इंपोरियम खोलने के लिए प्रयासरत रहेगा.
झारक्राफ्ट के उत्पाद की देश- विदेश में है मांग
झारक्राफ्ट के विभिन्न उत्पाद जैसे सिल्क साड़ियां, डिजाइनर कुर्ती, सलवार सूट. स्कार्फ दुपट्टा, शर्ट, कुर्ता, बंडी, शॉल और गुणवत्ता वाले रेशम के कपड़े, लेदर बैग इत्यादि विभिन्न प्रोडक्ट्स ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. इसके कई उत्पादों की मांग विदेशों में भी है.
ये भी पढ़ें…
नहीं रहे पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, रांची के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 13-14 मई को येलो अलर्ट जारी
