झारखंड में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कोहरे ने रोकी विमानों की उड़ान

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के मौसम का मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला है. श्री आनंद ने बताया कि पुर्वाइया हवा नमी के साथ आ रही है.

रांची: झारखंड के सियासत की तरह ही राजधानी का मौसम भी करवट ले रहा है. गुरुवार रात घने कोहरे की वजह से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी काफी कम हो गयी, जिसकी वजह से हैदराबाद जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन में सवार हो चुके विधायकों की उड़ान रद्द करनी पड़ी. खराब मौसम की वजह से रांची से देश के विभिन्न शहरों के लिए कई विमानों को रद्द और डायवर्ट करना पड़ा. इससे पहले पूरे दिन राजधानी में बादल छाये रहे और सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही. इससे लोगों को ठंड का एहसास होता रहा. झारखंड का सियासी पारा चढ़ने और बदले मौसम के कारण राजधानी की सड़कों पर चहल-पहल कम ही दिखी. वहीं, राजनीतिक हलचल की वजह से राजधानी के कई स्कूल बंद कर दिये गये थे, जिसकी वजह से शहर में ट्रैफिक भी कम था.

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के मौसम का मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला है. श्री आनंद ने बताया कि पुर्वाइया हवा नमी के साथ आ रही है. इस कारण बारिश हो रही है. शनिवार को हल्के बादल रहेंगे और रविवार से मौसम साफ हो सकता है. इससे अगले दो-तीन दिनों तक तापमान नीचे जा सकता है. वहीं, दक्षिणी और उत्तर पूर्वी झारखंड में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है. हालांकि, पांच फरवरी से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है. इसकी वजह से सात फरवरी तक बादल छाये रह सकते हैं.

Also Read: झारखंड का मौसम : सुबह-सुबह हुई बारिश ने बढ़ा दी ठंड, 3 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
राजधानी में होती रही रुक-रुक कर बारिश

गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहे और बारिश हुई. कोल्हान प्रमंडल के कई स्थानों के साथ खूंटी और रांची के कई हिस्सों में भी बारिश हुई. खूंटी के तोरपा में करीब पांच मिमी बारिश दर्ज की गयी. वहीं, गुमला के रायडीह में तीन और भरनो में दो मिमी के आसपास बारिश हुई है. इधर, बादल छाये रहने के कारण राजधानी का अधिकतम तापमान गिर गया है. यहां का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेसि, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेसि दर्ज किया गया.

चार विमान रद्द, कई डायवर्ट किये गये

कोहरे के कारण गुरुवार को बिरसा मुंडा एयपोर्ट से उड़ान भरनेवाले चार विमानों को रद्द कर दिया गया. वहीं, कई विमानों को डायवर्ट किया गया, जबकि कई विमान विलंब से रांची पहुंचे. इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. इंडिगो की दिल्ली-रांची (रात 8:00 बजे) व बेंगलुरु-रांची (रात 8:15 बजे), एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची (शाम 5:25 बजे) व बेंगलुरु-रांची (शाम 7:10 बजे) फ्लाइट रद्द कर दी गयी. वहीं, रांची आनेवाले कई विमानों को कोलकाता व रायपुर डायवर्ट कर दिया गया. इंडिगो की पुणे-रांची फ्लाइट आठ चक्कर व कोलकाता-रांची फ्लाइट नौ चक्कर लगाने के बाद कोलकाता डायवर्ट कर दी गयी. एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची, दिल्ली-रांची और इंडिगो की हैदराबाद-रांची फ्लाइट को भी कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. इंडिगो की लखनऊ-रांची फ्लाइट दोपहर 2:28 बजे व एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची फ्लाइट दोपहर 12:09 बजे रांची पहुंची.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >