रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट
Jharkhand Rajya Sabha Chunav, रांची : झारखंड राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन मॉक ड्रिल कर अपनी एकजुटता और संख्या बल का प्रदर्शन किया. मॉक ड्रिल के बाद गठबंधन नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की जीत दूसरी वरीयता के वोटों के आधार पर लगभग तय है. उनका कहना है कि एनडीए के पास केवल 25 वोट हैं, जबकि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है.
हेमलाल मुर्मू बीमार, लेकिन वोट देने आएंगे विधानसभा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र महतो और झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू मौजूद नहीं थे. हेमलाल मुर्मू हर्निया की समस्या से पीड़ित हैं और स्वास्थ्य कारणों से मॉक ड्रिल में हिस्सा नहीं ले सके. हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया है कि गुरुवार को मतदान के दिन विधानसभा पहुंचकर वोट देंगे.
किसे मिले कितने वोट, क्या रहा मॉक ड्रिल का नतीजा?
बैठक के बाद मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि मॉक ड्रिल में झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम को प्रथम वरीयता के 29 वोट मिले. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को प्रत्यक्ष रूप से 25 और विधानसभा अध्यक्ष के समर्थन सहित कुल 26 वोट प्राप्त हुए. उन्होंने कहा कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि एनडीए के पास केवल 25 वोट हैं. ऐसे में दूसरी वरीयता के वोट कांग्रेस प्रत्याशी को मिलेंगे और उनकी जीत सुनिश्चित होगी.
Also Read: झारखंड में प्रशासनिक फेरबदल: 88 अफसरों का एक साथ तबादला, यहां देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट
दिग्गज नेताओं ने ठोंकी ताल
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मॉक ड्रिल से स्पष्ट हो गया है कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों के पास पर्याप्त समर्थन है. उन्होंने कहा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी जीत का दावा करते हुए कहा कि गुरुवार को सुबह 11 बजे सभी विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचकर मतदान करेंगे.
जीत के लिए चाहिए 28 वोट, गठबंधन के पास हैं 56
राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार की जीत के लिए 28 वोट जरूरी हैं. वर्तमान संख्या बल के अनुसार इंडिया गठबंधन के पास कुल 56 वोट हैं. इनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और माले के दो वोट शामिल हैं. हालांकि सूत्रों की मानें तो झामुमो अपने प्रत्याशी बैजनाथ राम को कम-से-कम 30 प्रथम वरीयता वोट दिलाने की रणनीति पर काम कर रहा है, ताकि किसी संभावित वोट रद्द होने की स्थिति में भी जीत पर असर न पड़े. इसके बाद बचने वाले वोट दूसरी वरीयता के रूप में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हस्तांतरित होंगे, जिससे उनकी जीत की संभावना और मजबूत हो जाएगी. हालांकि अंतिम तस्वीर मतदान और मतगणना के बाद ही साफ होगी. दूसरी ओर एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवाणी को जयराम महतो समेत कुल 25 वोट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है.
Also Read: जब बांस की बैसाखी के सहारे पहुंचा मेधावी छात्र, तब समझ आया सम्मान का असली अर्थ
