PHOTOS: चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग पर झूम उठी राजधानी रांची, तस्वीरों में देखिए उमंग और भावुकता का अद्भुत पल

अंतरिक्ष जगत में भारत ने इतिहास रच दिया है. 24 अगस्त 2023 की तारीख भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गयी. मिशन चंद्रयान-3 सफल हो गया. चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही पूरा देश झूम उठा. राजधानीवासियों ने जमकर नारेबाजी की. पटाखे फोड़े गये. उत्साह, उमंग, और भावुकता का अदभुत पल दिखा.

चंद्रयान-3 के सफल होने के साथ लोग अपने-अपने घर से निकल गये. हाथ में तिरंगा लेकर लोग मेन रोड, करमटोली समेत अन्य चौक-चौराहे पर एकजुट हुए. करमटोली में लोगों ने पटाखे फोड़ जश्न मनाया, तो अलबर्ट एक्का चौक पर भारत माता के जयकारे लगाये गये. मिठाइयां बांटी गयीं.

चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग पर राजधानी रांची के लोग झूम उठे. हर तरफ जय हो… भारत माता की जय… के नारे लगाये जाने लगे.

मोरहाबादी स्थित साइंस सेंटर के क्यूरेटर डॉ शेख जलानी साहब ने कहा कि जल्द ही सेंटर पर चंद्रयान मिशन पर आधारित वीडियो तैयार होगा. इस वीडियो में चंद्रयान-01 से चंद्रयान-03 की सफलता की कहानी होगी. चंद्रयान-2 की असफलता, चंद्रयान-3 की सफलता के बीच अंतर को समझाया जायेगा. साथ ही मिशन चंद्रयान के सफल होने से भविष्य की संभावनाओं पर भी विमर्श होगा.

चंद्रयान-3 की सफलता के लिए पलके बिछाये बैठे थे. जैसे ही घड़ी की उल्टी गिनती शुरू हुई, सभी की धड़कनें बढ़ गयी. देश के विज्ञान और वैज्ञानिकों की हौसला-अफजाई के लिए प्रोजेक्टर लगाये गये थे. सभी ने लैब में सीधा प्रसारण देखा और खुशी जाहिर की. एक-दूसरे को बधाई दी.

चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही पूरा देश झूम उठा. राजधानीवासियों ने जमकर नारेबाजी की. मिठाइयां बांटी गयी. पटाखे फोड़े गये. उत्साह, उमंग, आनंद और भावुकता का अदभुत पल दिखा.

चंद्रयान-3 का रोवर लैंड होते ही सोशल मीडिया पर मीम शेयर होने लगे. इसमें एक मां अपने बच्चे को चांद तक हाथ बढ़ाये भेजती नजर आ रही है. वहीं, दूसरे मीम में धरती माता चांद को प्री-रक्षाबंधन की राखी बांधते हुए दिखायी दे रही है.

चंद्रयान -3 की लैंडिंग को लेकर पहाड़ी मंदिर में श्रीशिव बारात आयोजन महासमिति ने महाआरती की. वक्ताओं ने कहा कि यह बहुत ही सुंदर संयोग है कि सावन महीना में चंद्रयान-3 ने लैंड किया है. मौके पर पुजारी मनोज बाबा, अध्यक्ष राजेश साहू, दीपक नंदा, बादल सिंह, शिवकिशोर शर्मा, आदर्श सिंह, गुलशन मिढा, अर्चना मिर्धा, आकांक्षा वर्मा, समीक्षा शर्मा, राज कुमार तलेजा, दिलीप गुप्ता मौजूद थे.

रोवर के लैंड होते ही रांची में जश्न शुरू हो गया. आम लोगों ने चौक-चौराहों पर खुशियां मनायी तो पुलिस महिला बल ने झूमते हुए खुशी जाहिर की.

चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने की खुशी में एचईसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी मनायी. सभी मुख्यालय गेट पर एकजुट हुए व लैंडिंग के साथ ही भारत माता, इसरो और एचइसी की जय के नारे लगाये. चंद्रयान-3 के कुछ महत्वपूर्ण उपकरण एचइसी ने भी बनाया है. इस अवसर पर प्रेम शंकर पासवान, पूर्णेंदु दत्त मिश्र, शशि कुमार, सुभाष चंद्रा, धनंजय कुमार, तनवीर आलम, संतोष कुमार, अविनाश कुमार, रामाशंकर प्रसाद, सुनील कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद थे. आज सुबह 10:30 बजे एचइसी मुख्यालय से तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी.

हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा के मजार पर मो फारूक, सोहेल अख्तर उर्फ गब्बर, कफील गद्दी ने दुआ का नजराना पेश किया. चंद्रयान-3 की लैंडिंग की कामयाबी के लिए दुआएं मांगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nutan kumari

Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >