मुख्य बातें
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

Jharkhand Breaking News Live: गुमला के चैनुपर में यात्रियों से भरी गाड़ी पलटी, तीन की मौत, एक दर्जन घायल
गुमला: गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड में सड़क हादसा हुआ है. एक टाटा मैजिक गाड़ी पलट गयी. इससे तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन लोग घायल हैं. घायलों का इलाज चैनपुर व गुमला अस्पताल में चल रहा है.
रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के भू-सूचना विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ अमित कुमार को फुलब्राइट नेहरू अकादमिक और व्यावसायिक उत्कृष्टता फेलोशिप (2023-2024) से सम्मानित किया गया है. डॉ कुमार नौ माह की अवधि के लिए पर्ड्यू विश्वविद्यालय, संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) में रहकर जलवायु परिवर्तन एवं मानव जनित बढ़ते प्रभावों के मध्य वैश्विक स्तर पर वनों की गतिशीलता पर अनुसंधान करेंगे. डॉ कुमार बड़े पैमाने पर वन संबंधी आंकड़े, और उच्च-रिज़ॉल्यूशन उपग्रह अवलोकन का उपयोग करके तीव्र शहरीकरण तथा चरम जलवायु स्थितियों के वैश्विक वनों पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तृत शोध करेंगे, जिसका उद्देश्य विविध वन पारिस्थितिकी प्रणालियों के मध्य वैश्विक कार्बन बजट में अंतर्दृष्टि प्रदान करके स्थायी वन प्रबंधन करना है. उनका यह शोध SDG 13 और 15 को प्राप्त करने के लिए रणनीति विकसित करने में मदद करेगा.
गुमला: गुमला थाना के लांजी स्थित पीहू होटल के समीप बस की चपेट में आकर बाइक सवार सिसई निवासी व्यक्ति की मौत हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी. बताया जा रहा है कि मृतक सिसई में भाड़े के मकान में रहता था और मूल रूप से वह देवघर का रहने वाला था. मृतक की पहचान जितेंद्र लोहरा के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक उक्त व्यक्ति गुमला बाजार से अपने घर सिसई लौट रहा था. बस रांची से गुमला की ओर आ रही थी. तभी बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी गुमला पुलिस को दी. गुमला पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को घटना की सूचना दी है.
रांची: अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में कार्तिक कृष्ण रंभा एकादशी सह दीपोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया. दीपावली पर्व को इस एकादशी पर पूरे मन्दिर परिसर को विभिन्न रंगों के विद्युत की लड़ियों एवं शुद्ध घी के दीयों से रोशन किया गया. सुबह श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र ( बागा ) पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत कर विभिन्न प्रजातियों के रंग बिरंगे ताजा फूलों से श्रृंगार किया गया. गुलाब, बेला, रजनीगंधा, गैंदा, जरबेरा, गुलदौदी से इनका श्रृंगार किया गया. इस अवसर पर मन्दिर में विराजमान वीर हनुमान एवं शिव परिवार का भी विशेष श्रृंगार किया गया. इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को गुलाब जामुन, चंद्रकला, मलाई चाप, लड्डू , गोंद पाक, केसरिया पेड़ा एवं केसरिया दूध का भोग अर्पित किया गया. आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश चन्द्र सारस्वत, ओम जोशी, गोपी किशन ढांढनियां, चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, नितेश केजरीवाल, गौरव परसरामपुरिया, विकास पाड़िया, जीतेश अग्रवाल, अजय साबू एवं सुमित पोद्दार व अन्य का सहयोग रहा.
रांची: गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, स्री सत्संग सभा द्वारा 12 नवंबर की सुबह आठ बजे से 10:30 बजे तक बंदी छोड़ दिवस मनाया जाएगा. इसे लेकर विशेष दीवान सजाया जायेगा. विशेष दीवान में श्री जपुजी साहिब जी के दो पाठ, श्री चौपाई साहिब जी के दो पाठ तथा श्री सुखमनी साहिब जी का पाठ समूह साध संगत द्वारा सामूहिक रूप से पढ़ा जाएगा. स्त्री सत्संग सभा द्वारा शबद गायन होगा. श्री अनंद साहिब जी के पाठ,अरदास,हुक्मनामा के साथ सुबह साढ़े दस बजे दीवान की समाप्ति होगी. दीवान समाप्ति के बाद संगत के लिए चाय नाश्ते का लंगर चलाया जाएगा. सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि दीपावाली वाली रात इसी दिन छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज ने मुगल सम्राट जहांगीर द्वारा ग्वालियर के किले में कैद कर रखे गए 52 राजाओं को मुक्त करवाया था और उन्हें अपने साथ लेकर पंजाब की धरती पहुंचे थे. साथ ही बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, स्री सत्संग सभा में इसी दिन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व को मुख रखते हुए श्री सहज पाठ साहिब जी की आरंभता होगी. इसकी समाप्ति 27 नवंबर गुरुपर्व वाले दिन सजने वाले विशेष दीवान में सुबह होगी.
खूंटी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार को खूंटी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बिरसा कॉलेज स्थित बिरसा फुटबॉल स्टेडियम का जायजा लिया. जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर सभा का आयोजन किया जाना है. बाबूलाल मरांडी ने स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया. स्टेडियम के बाहरी परिसर को भी देखा. इस दौरान उन्होंने सभा को लेकर मंच, लोगों के बैठने, प्रवेश करने, पार्किंग की व्यवस्था, मार्ग सहित अन्य की जानकारी ली.
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…