Jharkhand Breaking News LIVE: गुरुनानक देव जी का ज्योति ज्योत पर्व 11 अक्टूबर को

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

Live Updates
4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

गुरुनानक देव जी का ज्योति ज्योत पर्व 11 अक्टूबर को

रांची: श्री गुरुनानक देव का ज्योति ज्योत पर्व गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंह सभा, मेन रोड के तत्वावधान में बुधवार को मनाया जायेगा. इस समय दिन के 11:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित है. इसकी समाप्ति के बाद गुरु का लंगर अटूट बंटेगा. गुरुद्वारा साहिब के महासचिव सरदार गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि रागी जत्था भाई अनंतवीर सिंह यूएसए वाले भी आ रहे हैं. वहीं गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर 15 अक्टूबर को गुरुद्वारा साहिब मेन रोड में आम सभा होगी.

4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की बस पर पथराव मामले में डीजीपी से विश्व हिंदू परिषद ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

रांची: विश्व हिंदू परिषद, झारखंड प्रांत का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड के डीजीपी से मिला. इस दौरान कटकमसांडी-हजारीबाग मार्ग स्थित पेलावल मस्जिद के सामने 8 अक्टूबर 2023 को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की बस पर हुए पथराव की पूरी जानकारी दी. एक ज्ञापन देकर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने व इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तहत रांची में आयोजित धर्मसभा में शामिल होकर कटकमसांडी, हजारीबाग के ग्रामीण बस में सवार होकर अपने घर वापस जा रहे थे. रात्रि लगभग 8:30 बजे हजारीबाग- कटकमसांडी रोड स्थित पेलावल मस्जिद के पास सैकड़ों मुस्लिम धर्मावलंबियों ने सुनियोजित तरीके से बस को रोक कर बस में सवार ग्रामीणों को हरवे-हथियार व पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. पथराव के कारण चालक – उपचालक व महिलाएं समेत कई घायल हो गए. इनमें से कई लोगों की हालत चिंताजनक है. दोषी यदि शीघ्र गिरफ्तार नहीं हुए तो विश्व हिंदू परिषद राज्य स्तरीय चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल, एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्यरूप से विहिप प्रान्त मंत्री डॉ.बिरेन्द्र साहु, प्रांत सहमंत्री रंगनाथ महतो, प्रान्त संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रान्त विशेष सम्पर्क प्रमुख अरविन्द सिंह, सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र थे.

4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

श्री श्याम मंदिर में रणदीरा एकादशी पर्व पर श्रद्धालुओं ने की पूजा

रांची: अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में आश्विन कृष्ण पक्ष की रणदीरा एकादशी पर्व श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया. प्रातः श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र ( बागा) पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से सजाया गया. मंदिर में विराजमान बजरंगबली एवं शिव परिवार का भी इस अवसर पर विशेष शृंगार किया गया. प्रातः 8:00 बजे श्रृंगार आरती के समय से ही प्रभु के दर्शन करने के लिए भक्तों की अपार भीड़ रही. लाल गुलाब , जूही , बेला , मोगरा रजनीगंधा व गेंदा के फूलों से श्री श्याम प्रभु का मनोहारी श्रृंगार किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश सारस्वत , ओम जोशी , चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका , विवेक ढांढनीयां, सुदर्शन चितलंगियां, बालकिशन परसरामपुरिया , नितेश केजरीवाल , जीतेश अग्रवाल , नितेश लाखोटिया , विकाश पाडिया का सहयोग रहा.

4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

खूंटी एसपी ने की बैठक, दुर्गा पूजा को लेकर अधिकारियों को दिया निर्देश

खूंटी, चंदन: एसपी कार्यालय सभागार में मंगलवार को मासिक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया. इस अवसर पर दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर एसपी ने दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपराधिक तत्वों पर 107 की कार्रवाई करने के लिए कहा. कई थाना में कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए ड्रोन, वीडियोग्राफी, वाहन आदि की आवश्यकता मांगी गयी है. एसडीपीओ को यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करने का निर्देश दिया गया. मौके पर मुख्यालय डीएसपी जयदीप लकड़ा, तोरपा एसडीपीओ ओम प्रकाष तिवारी, खूंटी एसडीपीओ अमित कुमार सहित सभी मेजर, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

दिशोम लीडरशिप स्कूल की टीम ने किया सरायकेला-खरसावां का दौरा, आदिवासियों की कला-संस्कृति से हुई अवगत

सरायकेला-खरसावां, शचिंंद्र कुमार दास: दिशोम लीडरशिप स्कूल की टीम ने सरायकेला-खरसावां के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया. ‘दिशोम-लीडरशिप स्कूल’ की टीम में शामिल देश के विभिन्न प्रांतों के युवाओं ने खरसावां में आदिवासियों की रहन-सहन, संस्कृति व परंपरा से अवगत हुए. साथ ही यहां के लोगों की जीवन शैली को काफी बारीकी से देखा. टीम ने खरसावां के शहीद पार्क का मुआयना कर इसके ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी ली. साथ ही कुचाई के बारुहातु, बड़ा-सेगोई, बांगुरडीह आदि क्षेत्र का भ्रमण कर यहां के जनजातीय परिवेश का अध्ययन किया. इसके बाद खरसावां के जनजातीय कला-संस्कृति भवन में स्थानीय विधायक दशरथ गागराई के साथ झारखंड की राजनीतिक, संस्कृतिक व सामाजिक विषयों पर सीधा संवाद किया. विधायक दशरथ गागराई के साथ झारखंड आंदोलन, झारखंड अलग राज्य का गठन व राज्य गठन के 23 वर्षों के सफर पर विस्तार से चर्चा की. राज्य के विकास के संदर्भ पर भी चर्चा की. इससे पूर्व खरसावां टीम के पहुंचने पर आदिवासी ”हो” समाज महासभा के मनोज कुमार सोए, रामलाल हेंब्रम ,सालेन सोय, सूरज सोय, सिद्धेश्वर कुदादा आदि ने सभी युवाओं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया.

4:07 AM. 11 Oct 23 10:37 PM. 10 Oct

रांची के न्यूक्लियस मॉल में ईएसआईसी के जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

रांची: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), रांची क्षेत्रीय कार्यालय एवं श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने मंगलवार को न्यूक्लियस मॉल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. कार्यक्रम में इएसआइसी के क्षेत्रीय निदेशक राजीव रंजन, सहायक निदेशक अभिषेक कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार राकेश और नियोजक की ओर से प्रमोद सारस्वत व संजय अखौरी और संतोष कुमार प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए. नियोजकों एवं कामगारों को इएसआइसी की विभिन्न योजनाओं, हितलाभों सहित इएसआइसी में पंजीकरण एवं भुगतान से संबंधित मामलों की जानकारी दी गयी. साथ ही इएसआइसी योजना के लाभों से संबंधित सामग्री बांटी की गयी. लगभग 150 बीमित व्यक्ति और अन्य श्रमिकाें ने लाभ लिया.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nutan kumari

Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >