Jharkhand Breaking News: पलामू में अनियंत्रित कार ने आधा दर्जन लोगों को रौंदा, एक महिला की मौत

Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

Live Updates
4:19 AM. 9 Jul 22 10:49 PM. 8 Jul

पलामू में अनियंत्रित कार ने आधा दर्जन लोगों को रौंदा

सतबरवा (पलामू) : रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग के लहलहे गांव के समीप नेशनल पावर ग्रिड कॉरपोरेशन लिमिटेड (राजहरा) मोड़ पर एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे दुकानदारी कर रही दो महिला तथा अन्य चार लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. इलाज के दौरान मंदीप चौधरी की पत्नी की मौत गयी, जबकि दो की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. सभी घायलों को लहलहे पंचायत के मुखिया पति संजय यादव, ग्रामीण एवं पुलिस की मदद से इलाज के लिए प्रमंडलीय अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक, कार (JH01ET 8808) मेदिनीनगर की ओर से राजहरा जा रही थी. इसी बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकानदारी कर रहे मनदीप चौधरी की पत्नी (50 वर्ष) तथा रंजीत तिवारी (50 वर्ष), नंदकिशोर चौधरी (40 वर्ष) सभी लहलहे के रहने वाले और रुस्तम मियां के अलावा सिंदुरिया गांव की एक महिला सहित छह लोगों को रौंद डाला. इस दौरान सड़क के किनारे दुकानदारी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. सतबरवा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार राय ने बताया कि कार राजहरा गांव के सुगंध पाल का है. जिसे उसका पुत्र चला रहा था. कार को कब्जे में ले लिया गया है तथा ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है.

4:19 AM. 9 Jul 22 10:49 PM. 8 Jul

बगोदर पुलिस ने 32 पेटी अवैध शराब किया जब्त

बगोदर (कुमार गौरव) : रद्दी काटून की आड़ में बिहार ले जा रहे अवैध शराब को बगोदर पुलिस ने बरामद किया किया. गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब की बरामदगी हुई है. बगोदर थाना प्रभारी नितीश कुमार ने करीब तीन लाख की लागत की अवैध अंग्रेजी शराब को जब्त किया है. बताया गया कि हजारीबाग की और से एक पिकअप वाहन में अवैध अंग्रेजी शराब को बिहार ले जाया जा रहा था. सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस ने एक टीम गठित कर बगोदर-हरिहरधाम रोड़ के जरमुन्ने मोड के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस को देख पिकअप वैन ड्राइवर गाड़ी को भगाने लगा. कुछ दूर पीछा करने के बाद पिकअप वैन को रोका. जांच में पिकअप वाहन के पिछले हिस्से में रद्दी काटून की आड़ में 32 पेटी अवैध शराब को बरामद किया गया. इस मामले में बोकारो जिला के जरीडीह ऊपर बाजार के बलजीत सोनी और शंकर स्वर्णकार को गिरफ्तार कर गिरिडीह जेल भेज दिया गया है.

4:19 AM. 9 Jul 22 10:49 PM. 8 Jul

महिला चिकित्सक से यौन उत्पीड़न के आरोप में एक चिकित्सक गिरफ्तार

सिमडेगा (रविकांत साहू) : कोलेबिरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (Community Health Center) के महिला चिकित्सक ने लचड़ागढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र के पुरुष चिकित्सक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़ित महिला चिकित्सक ने कोलेबिरा थाना में आवेदन देकर पुरुष चिकित्सक पर कार्रवाई करने की मांग की. आरोपी डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलेबिरा में महिला चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित महिला चिकित्सक ने पुरुष चिकित्सक डॉ आकाश भेंगरा पर आरोप लगाया कि गत 6 जुलाई की रात्रि लगभग 11 बजे कोलेबिरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित महिला चिकित्सक के क्वार्टर नंबर-तीन में आया और शादी के लिए दबाव डालने लगा. लेकिन, महिला चिकित्सक ने मना कर दिया. इसके बाद डॉ आकाश ने उसके साथ जबरदस्ती करने लगे. इस संबंध में महिला चिकित्सक ने कोलेबिरा थाने में आवेदन देकर डॉ आकाश भेंगरा पर कानूनी कार्रवाई की मांग की. महिला चिकित्सक की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी चिकित्सक डॉ आकाश भेंगरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

4:19 AM. 9 Jul 22 10:49 PM. 8 Jul

7वीं से 10वीं JPSC के सफल 252 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JPSC द्वारा अनुशंसित सभी 252 पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा. इस दौरान सीएम श्री सोरेन ने कहा कि 7वीं से 10वीं JPSC का रिकॉर्ड दिनों में प्रक्रिया पूरा होना गर्व की बात है. कहा कि नियुक्ति पत्र पाने वाले 252 युवाओं में से 32 युवा बीपीएल परिवार से हैं. सीमित संसाधनों के साथ कठिन परिस्थितियों में इस मुकाम को हासिल किया है. सभी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने सभी पदाधिकारियों से झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को आगे लाने में सहयोग देने को कहा. सीएम ने कहा कि कोरोनाकाल के समय JPSC की नियमावली बनायी और रिकॉर्ड ढाई सौ दिनों में 7वीं से 10वीं JPSC की प्रक्रिया भी पूरी की.

4:19 AM. 9 Jul 22 10:49 PM. 8 Jul

हजारीबाग के ग्लास व्यवसायी सुजीत की अपराधियों ने की हत्या

हजारीबाग : शहर के गुरु गोविंद सिंह रोड स्थित अजीत ग्लास के संचालक सुजीत देव की हत्या अपराधियों ने कर दी. हत्या के बाद अपराधियों ने घर को बाहर से बंद कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही देर रात एसपी मनोज रतन चौथे घटनास्थल पर पहुंचे. इस दौरान एसपी ने अपराधियों के जल्द गिरफ्तार होने की बात कही. सुजीत देव की हत्या होने से व्यावसायिक प्रतिष्ठान के संचालकों में दहशत का माहौल है. पुलिस हर बिंदु की जांच-पड़ताल में जुट गई है.

8:33 PM. 8 Jul 22 3:03 PM. 8 Jul

खूंटी SDM सैयद रियाज अहमद को सस्पेंड करने का दिया निर्देश

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने खूंटी में एसडीएम के पद पर कार्यरत सैयद रियाज अहमद को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है. आपको बता दें कि एसडीएम पर हिमाचल प्रदेश की इंजीनियरिंग की छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. इस मामले में एसडीएम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >