Jharkhand Breaking News LIVE: मल्लिकार्जुन खरगे 11 फरवरी को आएंगे झारखंड

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

Live Updates
4:17 AM. 6 Feb 23 10:47 PM. 5 Feb

11 फरवरी को झारखंड आएंगे मल्लिकार्जुन खरगे

झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय 6 फरवरी को रांची आ रहे हैं. रात 8 बजे वे कोर कमिटी की बैठक करेंगे. 11 फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे झारखंड आ रहे हैं. वे रामगढ़ उपचुनाव की प्रस्तावित रैली को संबोधित करेंगे.

3:08 AM. 6 Feb 23 9:38 PM. 5 Feb

पलामू में सड़क हादसा, बुलेट सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल

पलामू : छत्तरपुर मन्देया नदी के पास सड़क दुर्घटना में बुलेट सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने दोनों घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. घायल युवकों में एक की पहचान बिहार के डुमरिया थाना के हुरमेठ निवासी स्व सुरेखा यादव के बेटे अनिल यादव के रूप में की गई. वहीं दूसरे की पहचान डुमरिया थाना के सरदाग निवासी निरंजन यादव उर्फ बाबू के रूप में की गई. निरंजन की हालत काफी गंभीर है. वह कोमा में चला गया है. अनिल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. अनिल की पत्नी वर्तमान में हुरमेठ की मुखिया बताई जा रही हैं. दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है.

3:08 AM. 6 Feb 23 9:38 PM. 5 Feb

दो बाइक में आमने सामने टक्कर में दो युवक की मौत

सिमडेगा: बोलबा थाना क्षेत्र के सिमडेगा-बोलबा मुख्य पथ पर समसेरा मोड़ के निकट दो मोटरसाइकिल के आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गयी. दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार बोलबा निवासी रजनीकांत यादव अपने दोस्त बोलबा मुखिया टोली निवासी आकाश सिंह और विकास सिंह के साथ गांधी मेला देखने के लिये मोटरसाइकिल से सिमडेगा जा रहा था. इसी क्रम में समसेरा मोड़ के निकट विपरीत दिशा से मोटरसाइकिल से आ रहे समसेरा बखरी टोली निवासी सरोज नेगी से सीधी टक्कर हो गयी. इस घटना में सरोज नेगी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, वहीं रजनीकांत यादव, आकाश सिंह एवं विकास सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. इलाज के दौरान रजनीकांत यादव की भी मौत हो गयी.

3:08 AM. 6 Feb 23 9:38 PM. 5 Feb

दुमका में सड़क हादसा, पति की मौत, पत्नी घायल

दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट के समीप मुरको नदी के समीप दो मोटरसाइकिल में आमने-सामने की टक्कर होने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि उसकी पत्नी के गंभीर रूप से घायल हो होने की खबर है. मिली जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिहार के बांका जिले के चुटिया का मेघनाथ बिहारी बासुकीनाथ धाम से अपनी पत्नी ललिता देवी के साथ पूजा करके वापस अपने घर मोटरसाइकिल (BR51J 1951) से लौट रहा था. दूसरी बाइक पर सवार गोविंद और उसकी पत्नी सवार थीं. उन्हें मामूली से चोट आई है. दुर्घटना के बाद गोविंद चालक अपनी पत्नी को लेकर घटनास्थल पर बाइक छोड़कर फरार हो गया.

3:08 AM. 6 Feb 23 9:38 PM. 5 Feb

लाल रणविजय नाथ शाहदेव की 83वीं जयंती पर सम्मानित हुए झारखंड आंदोलनकारी

रांची : झारखंड पार्टी सेकुलर ने झारखंड आंदोलनकारी नेता स्व. लाल रणविजय नाथ शाहदेव की 83वीं जयंती मनायी. रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में आयोजित समारोह में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया. पलामू के डाल्टनगंज से वयोवृद्ध नेता प्रसन्न कुमार दुबे, सुखाड़ी मियां, रामचन्द्र ठाकुर, गुमला से स्व. गुप्तेश्वर पाठक (मरणोपरांत), देवघर से डॉ आरपी सिंह, पद्मश्री मुकुन्द नायक, राजेन्द्र शाहदेव, बाबा साहेब स्व लाल रणविजय नाथ शाहदेव की धर्मपत्नी को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. झारखंड आंदोलनकारियों ने कहा कि आज आंदोलनकारी सड़क पर हैं और अपने मान-सम्मान के लिए सरकार से गुहार लगाने पर मजबूर हैं. पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, किशोर कुमार मिश्रा, गीता सिन्हा, अजय नाथ शाहदेव, राजू महतो, ब्रह्मानंद, विजय नाथ शाहदेव, अरुण कुमार दुबे, रंजिता शर्मा, गजाधर स्वर्णकार, बिरसा मुंडा समेत अन्य उपस्थित थे.

3:08 AM. 6 Feb 23 9:38 PM. 5 Feb

बाइक सवार दो लोगों की मौत

महुआडांड़, वसीम अख्तर. लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम हामी के आंगनबाड़ी केंद्र स्थित महुआडांड़ व लोध फाॅल मुख्य सड़क पर फरहान यात्री बस और एक बाइक में टक्कर से दो व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई. बाइक पर सवार तीन लोगों उदय कुमार (28) छत्तीसगढ़ जवाहर नगर के निवासी, आशीष कुजूर (30) महुआडांड़ एवं पात्रिक बेक (30) महुआडांड़ की टक्कर फरहान बस से हो गयी. इसमें उदय व आशीष की मौत हो गयी. पात्रिक बेक गंभीर रूप से घायल है. उसका इलाज चल रहा है.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >