रांची. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने बिजली के पोल पर लगाये गये असुरक्षित और अनधिकृत ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) व अन्य केबल को लेकर बीएसएनएल समेत टेलीकॉम कंपनियों को अंतिम नोटिस जारी किया है.
केबल को सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने का निर्देश
जेबीवीएनएल ने बीएसएनएल,एयरटेल, रिलायंस व वोडाफोन को पत्र भेजा है. कहा है कि बिजली के पोल पर गलत तरीके से केबल लगाने से जेबीवीएनएल के बुनियादी ढांचे और परिवहन व्यवस्था के लिए सुरक्षा जोखिम पैदा हो रहा है.
13 अगस्त को बीएसएनएल को भेजा पत्र
जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता मनमोहन कुमार ने 13 अगस्त को बीएसएनएल के झारखंड सर्किल के डिप्टी जनरल मैनेजर को पत्र भेजकर 16 अगस्त तक सभी केबल और उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने का निर्देश दिया है.
सुरक्षित ऊंचाई से नीचे लगाये गये हैं उपकरण
पत्र के अनुसार, कई स्थानों पर निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई से नीचे भारी उपकरण और अन्य सामान भी लगाये गये हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. सड़क क्रॉसिंग वाले स्थानों पर भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किये जाने की बात कही गयी है.
पोल की भी नहीं दी जानकारी
जेबीवीएनएल ने कहा है कि पूर्व में निर्देश देने के बावजूद कंपनी ने पोल पर लगाये गये केबल की संख्या, इस्तेमाल किये गये पोलो की संख्या और उनके स्थान की जानकारी निगम को उपलब्ध नहीं करायी. निगम ने सभी संबंधित पोलों का जीपीएस लोकेशन उपलब्ध कराने को भी कहा था. पत्र के अनुसार, जानकारी नहीं मिलने के कारण जेबीवीएनएल आवश्यक निवारक कार्रवाई नहीं कर पा रहा है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC Scam: "एएसओ को 5 लाख देकर टीडीपीएल ने लिया था काम" - CID के समक्ष अभय का बड़ा बयान
17 अगस्त से हटाने की कार्रवाई
निगम ने स्पष्ट किया है कि 16 अगस्त तक केबल और उपकरणों को सुरक्षित नहीं किया गया, तो 17 अगस्त से असुरक्षित और अनधिकृत केबल व उपकरणों को हटा दिया जायेगा. इस कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च संबंधित कंपनी से वसूल किया जायेगा. जेबीवीएनएल ने अपने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
रिलायंस, एयरटेल व वोडाफोन को भी पत्र
जेबीवीएनएल ने इसी प्रकार का पत्र रिलायंस, एयरटेल और वोडाफोन को भी भेजा है. निगम का फोकस बिजली के पोल पर लगे सभी केबल और उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराने पर है. रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा के विभिन्न विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों में इस संबंध में कार्रवाई की तैयारी की गयी है.
