रामनवमी डकरा में हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया.
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
प्रतिनिधि, डकरा.
रामनवमी डकरा में हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया. रामभक्तों के उत्साह से पूरा क्षेत्र राममय हो गया. सुभाषनगर, मोहननगर, केडीएच और डकरा महावीर नगर से एक साथ महावीरी पताके लेकर जुलूस निकाला गया. जुलूस डकरा गुरुद्वारा चौक पहुंचा और यहां से सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए निकले. जुलूस में शामिल लोगों का गुरुद्वारा चौक पर स्वागत किया गया. डकरा व्यवसायी संघ ने शरबत, चना, गुड़ आदि का वितरण किया. गुरुद्वारा प्रबंधने ने चाय-बिस्किट और मिक्सचर बांटे. मोहननगर कॉलोनी से सबसे बड़ा जुलूस निकाला गया. जिसमें हजारों रामभक्त अनुशासित तरीके से पूरे कॉलोनी में भ्रमण करने के बाद डकरा गुरुद्वारा चौक पहुंचे. वहीं सुभाषनगर से शुरू हुआ जुलूस पूरे कॉलोनी में भ्रमण करने के बाद गुरुद्वारा चौक पहुंचने के बाद वापस सुभाषनगर शिव मंदिर गया. रास्ते में जहां भी मंदिर मिले, वहां रुक कर लोगों ने जमकर करतब दिखाये. रामभक्तों के जय श्री राम के जयकारे से पूरा कोयलांचल राममय हो गया. मोहननगर की झांकी में कृष्णा चौहान, नंदलाल चौहान, रमेश चौहान, बूटन चौहान, अभिषेक चौहान, सुरेन्द्र चौहान, मिथलेश प्रजापति, कौशल चौधरी, पंकज चौहान, नसीब चौहान आदि मौजूद थे. वहीं सुभाषनगर की झांकी में संजय सिंह, अजीत पांडेय, गुड्डू गिरि आदि मौजूद थे. गायत्री शक्तिपीठ डकरा में नवमी का पूर्णाहुति नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ संपन्न हुआ. मौके पर विभिन्न प्रकार के संस्कार कराये गये और खिचड़ी अमृतासन के रूप में बांटे गये. एनके एरिया के कई गणमान्य लोगों ने हवन में हिस्सा लिये और प्रसाद ग्रहण किये. डकरा देवी मंदिर में खीर प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया.
भाजपा नेता ने 100 तलवार बांटे :
मोहननगर के भाजपा नेता अभिषेक चौहान ने मोहननगर दुर्गा मंदिर में कार्यक्रम आयोजित कर रामभक्तों को 100 तलवार दिये. उन्होंने कहा कि यह तलवार शक्ति, शांति और शौर्य का प्रतीक है. जिसके माध्यम से हम रामराज्य की परिकल्पना को मूर्तरुप देने का काम करेंगे. मौके पर कई भाजपा नेता मौजूद थे.
रामभक्तों का किया गया स्वागत :
डकरा स्टेट बैंक के सामने एक कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा नेता रंजीत सिंह के नेतृत्व में रामभक्तों का स्वागत किया गया. इस अवसर पर संतोष मेहता, धीरेंद्र सिंह, रघुवीर केशरी, शशि सिंह आदि मौजूद थे.
देखते बना महिलाओं का उत्साह :
सभी जुलूसों में महिलाओं का उत्साह खास था. ऐसा पहली बार दिखा कि जुलूस में महिलाएं न सिर्फ शामिल हुईं, बल्कि परंपरागत हथियार के साथ नेतृत्व करती दिखीं. छोटी बच्चियों ने भी खूब उत्साह दिखाया.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।