रांची. झारखंड की राजधानी रांची में वृद्धा और महिलाओं के गले से चेन छिनतई करनेवाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को बरियातू पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी उत्तरप्रदेश के कानपुर देहात जिले के मस्तगढ़, शिवली का रहनेवाला है. वह दिल्ली से चोरी की गयी बाइक से रांची समेत कई शहरों में छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहा था. दो अगस्त को भी बरियातू के जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बाइक सवार दो अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. घटना के बाद बरियातू थाना में केस दर्ज हुआ था. इसके बाद सदर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गयी थी.
हरिहर सिंह रोड से दबोचा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस की टीम ने हरिहर सिंह रोड (मंडा टांड़) के पास एक संदिग्ध बाइक (डीएल-10एबी-6698) पर सवार दो युवकों को देखा. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह जिस बाइक का इस्तेमाल कर रहा था, वह दिल्ली से चोरी की गयी थी.
चोरी की बाइक और चेन बरामद
यह गिरोह झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब के लुधियाना और मोहाली में भी इसी बाइक से चेन छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल और सोने जैसी दिखने वाली एक गले की चेन बरामद की है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
कार्रवाई में शामिल रहे ये अधिकारी
कार्रवाई में बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश कुमार, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रशांत गौरव, मोरहाबादी टीओ पी के राहुल कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें- अपराध की दुनिया में पलामू के गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंत, 2 सगे भाइयों की हत्या कर आया था सुर्खियों में
ये भी पढ़ें- गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा चलाता था खौफ का साम्राज्य, पाकिस्तान से भी जुड़े हैं तार
