पटरी पर 'विमेन पावर': रांची में आधी आबादी ने संभाली ट्रेन का संचालन, ड्राइवर से लेकर RPF तक सब महिलाएं

International Womens Day 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल ने एक ऐतिहासिक पहल की है. रांची से ईरगांव के बीच चलने वाली यात्री ट्रेन का संचालन पूरी तरह से महिला टीम द्वारा किया गया. लोको पायलट, टीटीई और आरपीएफ कर्मियों सहित पूरी टीम ने 58 किलोमीटर की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की.

International Womens Day 2026, रांची : इंटरनेशनल विमेंस डे के अवसर पर रविवार को रांची-इरगांव मार्ग पर एक यात्री ट्रेन का संचालन पूरी तरह से महिला टीम द्वारा की गयी. इस पहल को लेकर रेलवे अधिकारियों ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. दक्षिण पूर्व रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुशी सिंह ने बताया कि इस विशेष पहल के तहत ट्रेन चालक, सहचालक, ट्रेन प्रबंधक, टिकट परीक्षक से लेकर रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) की कर्मी तक सभी महिलाएं थीं. उन्होंने कहा, “आज का दिन महिलाओं और रांची रेल मंडल के लिए बेहद खास है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हमने एक यात्री ट्रेन का संचालन पूरी तरह महिला टीम द्वारा करने की पहल की है.

सुबह 9:13 बजे रांची से हुई रवाना

ट्रेन सुबह 9:13 बजे रांची स्टेशन से रवाना हुई और करीब डेढ़ घंटे की यात्रा के बाद सुबह 10:40 बजे ईरगांव स्टेशन पहुंची. नौ ठहरावों के साथ इस ट्रेन ने लगभग 58 किलोमीटर की दूरी तय की. इस दौरान ट्रेन में सैकड़ों यात्री सवार थे.

Also Read: छत से शुरू हुआ मुर्गी पालन का सफर, धनबाद की पूनम कुमारी बनीं देश की सफल महिला उद्यमी

महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी

रांची की मुख्य टिकट निरीक्षक मसिरा सुरीन ने कहा कि उन्हें गर्व महसूस हो रहा है कि वे महिला दिवस के अवसर पर ट्रेन प्रबंधन का हिस्सा बनीं. उन्होंने कहा कि सरकार अब महिलाओं को समाज के हर क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. आरपीएफ की उपनिरीक्षक रीता कुमारी ने कहा कि समय बदल चुका है और अब महिलाएं ट्रेन में सुरक्षित रूप से अकेले यात्रा कर सकती हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आरपीएफ का कर्तव्य है.

रेलवे में महिलाओं की बढ़ रही भूमिका

लोको पायलट दीपाली अमृत ने कहा कि रेलवे में महिलाओं की भूमिका और महत्व लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि जब वे वर्ष 2007 में रेलवे से जुड़ी थीं, तब वे अकेली महिला लोको पायलट थीं, लेकिन धीरे-धीरे महिलाओं की रुचि इस क्षेत्र में बढ़ी है. वर्तमान में हटिया मंडल में तीन महिला ट्रेन चालक और लगभग 10 सहायक ट्रेन चालक कार्यरत हैं.

Also Read: महिला दिवस पर नोवामुंडी में अनोखी पहल, महिलाओं के लिए क्विज प्रतियोगिता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >