जयराम महतो की विधायकी गई तो होगा आंदोलन! समर्थकों ने खोला मोर्चा, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने पुलिस पर गंभीर रिश्वतखोरी के आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है. पार्टी ने चेताया है कि यदि विधायक जयराम महतो की विधायकी पर कोई आंच आती है, तो राज्यभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा.


रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट

JLKM Police Bribery: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है. पार्टी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में चेतावनी दी है कि यदि विधायक जयराम महतो की विधायकी पर कोई कार्रवाई होती है, तो राज्यभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा.

JLKM नेताओं ने पुलिस प्रशासन को सीधे निशाने पर लेते हुए भ्रष्टाचार की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. पार्टी की ओर से कहा गया कि पुलिस के कुछ अधिकारी अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. JLKM ने मांग की कि थानों में तैनात बड़े बाबुओं और संबंधित अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.


पुलिस पर तीखा हमला

प्रेस वार्ता के दौरान JLKM नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए बेबी महतो ने कहा, "पुलिस करे तो रासलीला, जनता करे तो कैरेक्टर ढीला." उनका आरोप था कि आम लोगों के खिलाफ सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं होती. पार्टी नेताओं ने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी कहा, "क्या तनख्वाह से पेट नहीं भरता, जो रिश्वत की जरूरत पड़ रही है?" हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक दस्तावेज या जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई.

जयराम महतो की विधायकी का मुद्दा उठाया

JLKM ने स्पष्ट किया कि यदि जयराम महतो की विधायकी को प्रभावित करने वाली कोई कार्रवाई होती है, तो पार्टी इसे राजनीतिक प्रताड़ना मानेगी. नेताओं ने कहा कि ऐसे किसी भी कदम का राज्यव्यापी विरोध किया जाएगा और सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक आंदोलन चलाया जाएगा. पार्टी का कहना है कि वह इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और इसे जनता के सम्मान से जुड़ा सवाल मानती है.

प्रशासन को दी खुली चेतावनी

JLKM नेताओं ने दावा किया कि उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा, "आप आंदोलन कीजिए, हम देखेंगे" जैसी मानसिकता रखने वालों को जनता जवाब देगी. पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि रिश्वतखोरी के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल JLKM के आरोपों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और क्या मामले में किसी जांच की घोषणा की जाती है. फिलहाल इस मुद्दे ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >