Ranchi News : कोयले के अवैध व्यापार में कितने निर्दोष की जान लेगी राज्य सरकार : बाबूलाल

एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या पर मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना

रांची. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को अपराधियों द्वारा एनटीपीसी हजारीबाग के डीजीएम गौरव कुमार की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किये जाने पर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. कहा कि हजारीबाग में एनटीपीसी कोयला परियोजना के डीजीएम गौरव कुमार की गोली मारकर हत्या किये जाने की घटना से स्तब्ध हूं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा जिस प्रकार भड़काऊ बयान देकर कोयला कारोबार को प्रभावित करने की धमकी दी गयी, उसके बाद से अपराधियों के हौसले और बुलंद हैं. कहा कि सात मार्च को रांची में एक कोयला कारोबारी के ऊपर जानलेवा हमले के बाद भी पुलिस सचेत नहीं हुई. अंततः अपराधियों ने एक युवा होनहार अधिकारी की जान ले ली. कहा कि हेमंत सोरेन ने अपराधियों को उकसा कर कोयला कारोबार में खूनी संघर्ष का आगाज कर दिया है. न जाने कोयले के काले कारोबार में कितने निर्दोष लोगों की जान लेगी यह सरकार? कहा कि झारखंड में धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा इलाके से प्रतिदिन हजारों ट्रक कोयले की चोरी सरकारी तंत्र के संरक्षण में हो रही है, जिसके वसूली का पैसा नीचे से ऊपर तक बंट रहा है. यदि इस चोरी पर रोक नहीं लगी, तो इसी तरह रोज हत्याएं होंगी, निर्दोष लोगों की जानें जाती रहेंगी. कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह उपयुक्त समय है कि सबसे पहले वे कोयले की चोरी बंद कराये. अपराधियों को पकड़ने के लिए एसआइटी बनाकर कार्रवाई करना अच्छी बात है, लेकिन इससे भी जरूरी है कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ईमानदार अधिकारियों के नेतृत्व में एसआइटी बनाया जाये. क्योंकि जबतक रक्षक ही भक्षक बने रहेंगे, तब तक कोयला चोरी और इसको लेकर हो रहे अपराध पर अंकुश कैसे लगेगा? कहा कि राज्य के डीजीपी तत्काल कोयला कारोबार के सुरक्षित संचालन के लिए सभी परियोजना अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >