रांची. हटिया स्थित डीआरएम ऑफिस और रेलवे स्टेशन के सामने दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ. पूजा पंडाल और मेले का उद्घाटन समिति के पदाधिकारियों और गणमान्य अतिथियों ने किया.
उद्घाटन समारोह में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
9 सितंबर तक होंगे कई कार्यक्रम
हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति की ओर से 4 सितंबर से 9 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. महोत्सव के दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता और दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
ये भी पढ़ें: रांची में जन्माष्टमी महोत्सव की धूम, आज राज्यपाल करेंगे नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन
इस्कॉन रांची की ओर से भजन-कीर्तन
इसके अलावा इस्कॉन रांची की ओर से भजन-कीर्तन और छठी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए कई अन्य आकर्षक कार्यक्रम भी रखे गए हैं.
आरती के बाद मिलेगा भोग प्रसाद
समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन संध्या आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा. कार्यक्रम में हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सचिव चंदन यादव सहित समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी महोत्सव में हिस्सा लिया.
