रांची. रुक्का शहरी जलापूर्ति योजना की राइजिंग पाइपलाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य के कारण राजधानी के बड़े हिस्से (आधी रांची) में 22 और 23 अगस्त को जलापूर्ति बाधित रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल, रांची ने इस संबंध में सूचना जारी की है. मरम्मत कार्य के दौरान रुक्का जलशोध संस्थान से होनेवाली जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी. दो दिनों तक आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण संबंधित इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
बंद रहेगा पुराना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
मरम्मत कार्य के कारण रूक्का के पुराने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद किया जायेगा. इससे जिला स्कूल लाइन, रातू रोड लाइन, टाउन लाइन, एमईएस लाइन, होटवार और टाटीसिलवे क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित होगी. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को दो दिनों तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- पुलिस को देखते ही भागने लगे बाइक 3 चोर, पीछा करके 3 को दबोचा
ये भी पढ़ें- रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर बनेंगे अत्याधुनिक सार्वजनिक शौचालय
पहले से पानी रखने की अपील
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जलापूर्ति बाधित होने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण कर लें. विभाग ने मरम्मत कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है. विभाग का कहना है कि राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत आवश्यक होने के कारण यह कार्य किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: किसानों के लिए जरूरी खबर: 31 अगस्त तक करा लें फसल बीमा, गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार रथ
