Political News : सरकार जेएससीए चुनाव में प्रशासनिक हस्तक्षेप रोके, अधिकारी खुलेआम कर रहे प्रचार : बाबूलाल मरांडी

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जेएससीए चुनाव में प्रशासनिक हस्तक्षेप रोकने और पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव कराने का आग्रह किया है.

रांची (वरीय संवाददाता). प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जेएससीए चुनाव में प्रशासनिक हस्तक्षेप रोकने और पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव कराने का आग्रह किया है. पत्र में कहा गया है कि जेएससीए का चुनाव 18 मई को प्रस्तावित है. इसके लिए 12 व 13 मई को नामांकन और 14 मई को नाम वापसी की तिथि तय है. नेता प्रतिपक्ष ने लिखा है कि मिल रही सूचनाओं से स्पष्ट हो रहा है कि यह खेल संघ का चुनाव न होकर प्रशासनिक पद के दुरुपयोग का रूप लेता जा रहा है. सरकारी सेवा में लगे अधिकारी चुनाव प्रचार के लिए खुलेआम घूम रहे हैं तथा प्रशासनिक तंत्र का खुले तौर पर दुरुपयोग कर रहे हैं. ये सरकारी अधिकारी अपने पद, प्रभाव एवं सुविधाओं का इस्तेमाल कर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं, जो पूर्णतः अवैध, अनैतिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध है. श्री मरांडी ने लिखा है कि पूर्व में भी जेएससीए के चुनावों में सत्ता का दुरुपयोग होता रहा है, जिसके कारण चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा मिला है. इसका सीधा प्रभाव राज्य के योग्य व मेहनती खिलाड़ियों के अवसरों पर पड़ा है, जिससे वे हतोत्साहित व निराश हुए हैं. जेएससीए के चुनाव में ऐसे लोगों के कब्जे से यह भी देखा गया है कि एसोसिएशन की संपत्ति और संसाधनों का मनमाने ढंग से दुरुपयोग होता है. अपने प्रभाव से ये लोग वर्षों तक पदों पर बने रहते हैं और अपने चहेते लोगों को सदस्य बनाकर संगठन को भ्रष्टाचार का केंद्र बना देते हैं. श्री मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के सरकारी हस्तक्षेप, पद प्रभाव एवं सरकारी सुविधा के दुरुपयोग को अविलंब रोकने, चुनाव को प्रभावित करने वाले सरकारी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करने, मतदान के दिन कड़ी विधि-व्यवस्था की व्यवस्था करने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pradeep jaiswal

30 साल की पत्रकारिता की अवधि में करीब 20 साल का सफर प्रभात खबर के साथ रहा. पूरा समय डेस्क पर अलग-अलग जिम्मेवारियां निभाते हुए काम किया. खेल, देश-दुनिया, मनोरंजन, सामयिक गतिविधियों के अलावा स्थानीय खबरों पर रुचि रही है. संप्रति प्रभात खबर के अंचल डेस्क/रूरल डेस्क के प्रभारी की जिम्मेवारी मिली हुई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >