पिस्का मोड़ में गैंगवार : जमीन में लगे पैसों के बंटवारे पर हुआ विवाद, ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन घायल

पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के पास तेल मिल गली के नजदीक शनिवार की रात 9.30 बजे दो गैंग के बीच भिड़ंत हो गयी. दोनों गैंग के सदस्यों के बीच जमकर फायरिंग हुई.

रांची. पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के पास तेल मिल गली के नजदीक शनिवार की रात 9.30 बजे दो गैंग के बीच भिड़ंत हो गयी. दोनों गैंग के सदस्यों के बीच जमकर फायरिंग हुई. इस मामले में पुलिस 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. जानकारी के अनुसार, फायरिंग में एक पक्ष की ओर से आकाश सिंह और विकास सिंह, (दोनों भाई) घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से रवि यादव घायल हुआ है. फायरिंग में आकाश को गोली हाथ में लगी है, जबकि विकास को छाती और हाथ में. वहीं दूसरे पक्ष के सदस्य रवि यादव को गोली जबड़े में लगते हुए बाहर निकल गयी है.

फायरिंग के पहले हुई थी मीटिंग

घटना के बाद स्थानीय लोग पहले दोनों भाई को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको रिम्स रेफर किया गया है. वहीं रवि यादव को इलाज के लिए ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों पक्षों के बीच विवाद रिंग रोड में ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे की जमीन में पैसे को लेकर है. फायरिंग के पहले मामले में संजय पांडेय के ऑफिस में मीटिंग हुई थी.

डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी जांच करने पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली डीएसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी जांच के लिए पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक दर्जन खोखा बरामद किया है. पुलिस को जांच में जानकारी मिली है कि आकाश सिंह और विकास सिंह संदीप थापा गिरोह के साथ जमीन कारोबार से संबंधित काम करते हैं. वहीं रवि यादव सहित अन्य लोग संजय पांडेय गिरोह के साथ मिलकर जमीन का कारोबार करते हैं.

55 लाख रुपये के लेन-देन का था विवाद, सुलझाने जुटे थे

दोनों गिरोह के बीच किसी जमीन कारोबार में करीब 55 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग घटनास्थल पर आपस में बातचीत करने को जुटे थे. लेकिन पैसा बंटवारे में सहमति नहीं बनने पर उनके बीच विवाद हो गया. दोनों पक्षों के बीच पहले गाली गलौज और मारपीट हुई, इसके बाद दोनों पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गयी. घटना के बाद पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. खबर लिखने तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी या हथियार बरामद होने की पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >