रांची (वरीय संवाददाता). सदर थाना क्षेत्र में रहनेवाली एक विवि की छात्रा से छह मार्च को कोकर में हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें 26 वर्षीय आनंद मिंज (रातू, रांची), 28 वर्षीय तरुण किंडो (घाघरा, गुमला), 24 वर्षीय जेम्स बा (कामडारा) और 28 वर्षीय शशि उरांव (घाघरा, गुमला) शामिल हैं. आरोपियों में आनंद मिंज, तरुण किंडो व शशि उरांव के पास से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया है. लेकिन तीनों आरोपी में से किसी के नाम पर सिम नहीं था. तीनों ने चाईबासा के रहनेवाले दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम लिया था. सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि आरोपी बहला-फुसला कर छह मार्च को छात्रा को कोकर स्थित शशि उरांव के किराये के मकान में ले गये और वहां उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया. आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस की जांच में यह बात सामने आयी है कि छात्रा की आनंद मिंज से दोस्ती थी. दोनों साथ पढ़े थे. आनंद ही छात्रा को उसके घर से लेकर कोकर में शशि उरांव के घर पर लाया था. यहां आने के बाद बाकी तीनों आरोपी शराब पीने चले गये. जबकि आनंद मिंज ने अकेले में छात्रा के साथ पहले गलत किया. जब उसके तीनों दोस्त शराब पीकर लौटे, तो आनंद मिंज छात्रा को छोड़कर वहां से चला गया. इसके बाद तीनों ने बेरहमी से छात्रा के साथ गैंगरेप को अंजाम दिया. रात भर छात्रा को अपने साथ ही रखा. अगले दिन सात मार्च को आनंद मिंज ने छात्रा को उसके घर पहुंचा दिया. इस घटना के बाद से ही वह काफी सदमे में थी. लेकिन इसकी जानकारी उसने परिजनों को नहीं दी. खुद घुटती रही. अंत में उसने मौत का रास्ता चुना और घर में आत्महत्या कर ली. छापेमारी दल में डीएसपी संजीव बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, एसआइ रघुवंश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. आनंद मिंज को रातू से और बाकी तीन आरोपियों को गुमला के जंगल से पकड़ा गया : छात्रा के सुसाइड करने के बाद चारों आरोपी रांची छोड़कर फरार हो गये थे. आनंद मिंज को पुलिस ने रातू से और उसके तीन साथियों तरुण किंडो, जेम्स बा और शशि उरांव को गुमला जिला के घाघरा क्षेत्र के घने जंगल से पकड़ा. सभी ने अपना मोबाइल स्वीच ऑफ कर रखा था. लेकिन सदर पुलिस की टीम ने तत्परता से चारों को गिरफ्तार कर लिया. इनके एक अन्य सहयोगी को भी पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन घटना में उसकी संलिप्तता नहीं पाने के बाद उसे छोड़ दिया. सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस की जांच हुई तेज : पुलिस के अनुसार छात्रा द्वारा पांच मई को आत्महत्या करने के बाद पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था. इसमें सिर्फ आनंद मिंज के नाम का उल्लेख था. इसमें छात्रा ने लिखा था आनंद मिंज ने बहुत जलील किया है. इसलिए वह जीना नहीं चाहती है और आत्महत्या कर रही है. इस वजह से पुलिस ने इस सुसाइड नाेट के आधार पर छात्रा को आत्महत्या के उकसाने और प्रेरित करने के आरोप में आनंद मिंज के खिलाफ केस दर्ज किया था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार केस दर्ज होने के बाद मृत छात्रा के परिजनों ने छात्रा द्वारा लिखित एक दूसरा सुसाइड नोट पुलिस को दिया, जो आनंद मिंज और अरविंद किंडो के नाम पर लिखा गया था. इसमें लिखा था गैंगरेप बहला-फुसलाकर किया गया. हम घुट-घुट कर नहीं जी पायेंगे, इसलिए हम जा रहे हैं. सबको सॉरी. अब इसी सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने नये सिरे से पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार नये सुसाइड नोट की वजह से आरोपियों के खिलाफ अब बलात्कार के आरोप में भी धारा जोड़ी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
