रांची. राजधानी रांची में धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में डॉक्टर समित मधुप लाल (52 वर्ष) ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. डॉ लाल कडरू स्थित डॉक्टर लाल्स हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संचालक हैं. प्राथमिकी के अनुसार, सात अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे डॉक्टर समित के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश और वॉयस मैसेज आये. कॉल करनेवाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए कहा कि वह दुबई से मोबाइल नंबर 44-7449856308 से संपर्क कर रहा है. वॉयस मैसेज में उसने दो करोड़ रुपये की मांग की और चेतावनी दी कि राशि नहीं देने पर डॉक्टर और उनके परिवार की हत्या कर दी जायेगी. डॉ समित ने बताया कि संदेशों की भाषा अत्यंत आपत्तिजनक और भय उत्पन्न करनेवाली थी, जिससे परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया. उन्होंने संदेह जताया है कि धमकी के पीछे राजेश कुमार सिंह उर्फ बंटी या अमाल खान का हाथ हो सकता है. प्राथमिकी में डॉक्टर ने उल्लेख किया कि पूर्व में उन्होंने दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कराये थे. इनमें एक केस अरगोड़ा थाना में बंटी के खिलाफ और दूसरा सिकिदिरी थाना में अमाल खान के खिलाफ दर्ज कराया था. दोनों आरोपी वित्तीय धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी जैसे अपराधों में संलिप्त रहे हैं और अदालत से सजा प्राप्त कर जमानत पर रिहा हैं. डॉ समित ने यह भी कहा कि अदालत ने बंटी को हर महीने अरगोड़ा थाना में उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश दिया था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल कॉल और मैसेज की तकनीकी जांच में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कॉल वास्तव में दुबई से की गयी या अंतरराष्ट्रीय नंबर का दुरुपयोग हुआ. फिलहाल डॉक्टर और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
