अर्नेस्ट एंड यंग को हटाया गया : सीएम ने किया मना, इज ऑफ डूइंग बिजनेस का है सलाहकार

उद्योग विभाग द्वारा इज अॉफ डूइंग बिजनेस के लिए नियुक्त सलाहकार अर्नेस्ट एंड यंग को अवधि विस्तार देने से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मना कर दिया है. वर्ष 2015 से यह कंपनी उद्योग विभाग के लिए बतौर सलाहकार काम कर रही थी

सुनील चौधरी, रांची : उद्योग विभाग द्वारा इज अॉफ डूइंग बिजनेस के लिए नियुक्त सलाहकार अर्नेस्ट एंड यंग को अवधि विस्तार देने से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मना कर दिया है. वर्ष 2015 से यह कंपनी उद्योग विभाग के लिए बतौर सलाहकार काम कर रही थी. इसका कार्यकाल मार्च-2020 तक ही था. उसी दौरान सीएम के यहां कंपनी के अवधि विस्तार की संचिका भेजी गयी. तब मुख्यमंत्री ने विभाग से ही पूछा कि इस कंपनी को रखने से झारखंड को क्या लाभ हुआ है. इसकी जानकारी दी जाये.

इसके बाद विभाग ने बताया कि वर्ष 2015 में कंपनी को इज अॉफ डूइंग बिजनेस के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया था. यह कंपनी मोमेंटम झारखंड के आयोजन में भी नॉलेज पार्टनर के रूप में कार्यरत थी, जिसका अनुबंध वर्ष 2018 में समाप्त हो गया. इसके बाद कंपनी इज अॉफ डूइंग बिजनेस के लिए उद्योग विभाग के सलाहकार के तौर पर पिछले पांच वर्ष से काम कर रही थी. कंपनी का मुख्य काम था सुधार के लिए कानूनों में बदलाव के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करना.

30 लाख रुपये प्रतिमाह का होता था भुगतान : सीएम ने इस मामले में हो रहे खर्च को लेकर भी पूछा था. बताया गया कि करीब 15 लोग उद्योग विभाग में काम करते हैं. इसके एवज में कंपनी को लगभग 30 लाख रुपये प्रति माह का भुगतान किया जाता है. मुख्यमंत्री ने इस खर्च के औचित्य पर ही सवाल उठाते हुए कंपनी को अवधि विस्तार देने से इंकार कर दिया. इसके बाद जून माह के प्रथम सप्ताह से सलाहकार कंपनी के पदाधिकारियों ने उद्योग विभाग के सिंगल विंडो कार्यालय में बैठना बंद कर दिया है.

गांवों में बढ़ेगी जमीन की सरकारी दर : ग्रामीण क्षेत्रों की जमीन की दर बढ़ायी जायेगी. राजस्व भूमि सुधार एवं निबंधन विभाग दर बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर रहा है. इस पर सहमति के बाद अगस्त से जमीन की दर बढ़ सकती है. इससे पहले ग्रामीण इलाके की जमीन की कीमत 2018 में बढ़ी थी. सूत्रों के अनुसार अभी 10 से 20 फीसदी तक दर में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार होगा.

कुछ इलाके में यह दर अधिक भी हो सकती है. संबंधित क्षेत्र तथा वहां जमीन के महत्व के आधार पर यह वृद्धि होनी है. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नयी दर से राजस्व में भी वृद्धि होगी. सरकार मानती है कि कुछ जगह जमीन की सरकारी दर काफी कम है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

Published by: Prabhat Khabar

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >