रांची. डीएसपीएमयू के कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने शनिवार को विवि के सामाजिक विज्ञान, मानविकी और विज्ञान संकाय के अंतर्गत आनेवाले लगभग 16 से अधिक विभागों का निरीक्षण किया. उन्होंने आधारभूत संरचना का जायजा लेने के साथ प्रत्येक विभाग के अध्यक्ष और विद्यार्थियों से अकादमिक स्थिति की जानकारी ली. कुलपति ने कहा कि उन्होंने अगले वर्ष 2025 में नैक के विवि आगमन को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण किया. उन्होंने इस दौरान कई प्रयोगशालाओं में मौजूद उपकरणों को देखा. इसके साथ ही जहां इनकी कमी थी, उसे सूचीबद्ध भी किया.
नये अकादमिक परिसर में बन रहा एनसीसी का अलग कार्यालय
कुलपति इसके बाद निरीक्षण के क्रम में एनसीसी कार्यालय पहुंचे और कहा कि एनसीसी से संबंधित कई कार्यक्रम विवि में नियमित अंतराल पर आयोजित होते हैं. इसलिए नये अकादमिक परिसर में जल्द ही एनसीसी के लिए एक अलग कार्यालय और परिसर का निर्माण किया जा रहा है. जहां एनसीसी से संबंधित कार्यकलापों का आयोजन किया जायेगा. उन्होंने एनीसीसी कैडेटों से बात भी की. कुलपति ने कहा कि नैक की प्रक्रिया को संज्ञान में रखते हुए पुस्तकालय, एनसीसी, प्रयोगशालाओं और सेमिनार कक्ष देखने के बाद कई बिंदुओं को जानने का मौका मिला, जो नैक की तैयारी में काम आयेंगे. इसी क्रम में डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने परीक्षा भवन में जाकर अगले सप्ताह से शुरू होनेवाली सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के संबंध में जानकारी दी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
