राजधानी के 205 मोहल्लों में पेयजल संकट, निगम का टैंकर बना सहारा

नगर निगम के टैंकर के इंतजार में बर्तन लेकर बैठे रहते हैं लोग. मई के शुरुआत में जलसंकट से प्रभावित मोहल्लों की संख्या 40 थी.

रांची. बढ़ती गर्मी के साथ ही शहर में पेयजल संकट गहरा गया है. तापमान जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गली-मोहल्लों में बोरिंग फेल होने की शिकायत नगर निगम को मिल रही है. वर्तमान में शहर के 205 मोहल्लों में पेयजल की किल्लत हो गयी है. जबकि, मई माह के शुरुआत में जलसंकट से प्रभावित मोहल्लों की संख्या 40 के आसपास थी. पेयजल संकट वाले मोहल्लों में नगर निगम के टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है.

भूमिगत जलस्तर के नीचे चले जाने से लोगों के घरों की बोरिंग तो फेल हो ही रही है. वहीं, गली-मोहल्ले में नगर निगम द्वारा जो मिनी एचवाइडीटी लगाये गये हैं, वह भी जवाब देने लगे हैं. हाल यह है कि इन एचवाइडीटी से भी केवल सुबह में ही पानी निकलता है. इसके बाद यह पानी देना बंद कर देता है. नतीजा लोग बर्तन लेकर नगर निगम के टैंकर का इंतजार करते हैं. जब निगम का टैंकर आता है, तो लोग एक लाइन से बर्तन रखकर खड़े हो जाते हैं.

इन मोहल्लों में जलसंकट की अधिक समस्या

स्वर्ण जयंती नगर, मधुकम, गंगानगर, विद्यानगर, यमुनानगर, किशोरगंज चौक के आसपास का इलाका, आनंद नगर, पहाड़ी टोला, पिस्का मोड़ के आसपास के मोहल्ले, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, कडरू, अरगोड़ा, महावीर नगर, हिंदपीढ़ी, हेसाग, पटेल नगर, अपर हटिया, ओबरिया रोड, नायक बस्ती, घासी मोहल्ला, सखुआ मैदान, बारिक टोली, हरिओम नगर, कैलाश नगर, बड़ा घाघरा, डोरंडा हाथीखाना रोड, पोखर टोली, जगन्नाथपुर बस्ती, सिंदवार टोली, एदलहातू, कटहल गोंदा, शिवपुरी रोड, मुक्ति शरण लेन, भरम टोली, इरगू टोली, ग्वाला टोली व शिवाजी नगर के लोग पूरी तरह नगर निगम के टैंकर पर आश्रित हो गये हैं.

हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत

अगर आपके मोहल्ले में भी पेयजल की किल्लत है, तो आप नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 9431104429 नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. शिकायत दर्ज कराने के बाद निगम 24 घंटे के अंदर संबंधित मोहल्ले में टैंकर से पेजयल की आपूर्ति शुरू करेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >