रांची (वरीय संवाददाता). झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि कांग्रेस भवन में मनायी गयी. इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई कांग्रेसजनों ने डॉ प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया. श्री कमलेश ने कहा कि देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद एक महान देशभक्त थे. देश सेवा की भावना उनमें कूट-कूट कर भरी हुई थी. डॉ प्रसाद अपने जीवन काल में दो बार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे. अपने अध्यक्षीय काल में उन्होंने कांग्रेस की अनेकों उलझी हुई गुथियों को सुलझाया तथा समस्त भारतवर्ष में कांग्रेस के प्रति सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित किया. 15 अगस्त 1947 को देश आजाद होने के बाद विधान निर्माण सभा के अध्यक्ष नियुक्त किये गये और उसी विधान के अनुसार 26 जनवरी 1950 को भारत का एक स्वतंत्र प्रजातंत्र राष्ट्र घोषित किया गया. श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में राकेश सिन्हा, लाल किशोर नाथ शाहदेव, अभिलाष साहु, राजन वर्मा, आभा सिन्हा, जगदीश साहु, विनय सिन्हा दीपू, शशिभूषण राय, डॉ राजेश गुप्ता, सुरेन राम, केदार पासवान, अजय सिंह, ओमप्रकाश, निसार खान, अजय मंडल, राखी प्रियदर्शनी, पूर्णिमा सिंह समेत कई लोग शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
