Political news : संगठन की लक्ष्मण रेखा पार न करें अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी : के राजू

कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक में प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि नेतृत्व के भरोसे को कायम रखें, जनता व संगठन की जिम्मेवारी पूरी करें.

रांची.

कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक गुरुवार को कांग्रेस भवन में हुई. जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कहा कि आपका मनोनयन संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण को देखकर किया गया है. नेतृत्व के भरोसे को कायम रखें. जनता और संगठन के प्रति जिम्मेवारियों को पूरा करना आपका प्राथमिक दायित्व है. श्री राजू ने कहा कि किसी भी संगठन की जड़ उसके कार्यकर्ता होते हैं. कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही जनता के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है. जिलों से आयी शिकायतों पर पूरी गंभीरता से कार्रवाई होगी. शिकायतों को आलाकमान के समक्ष रखा जायेगा. नेताओं-कार्यकर्ताओं को संगठन की लक्ष्मण रेखा पार नहीं करनी चाहिए. उचित फोरम और नेतृत्व के सामने अपनी बात को रखनी चाहिए. संगठन में अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सबके सम्मान का ख्याल रखा जायेगा. बैठक में प्रदेश सह प्रभारी सिरिवेला प्रसाद, मंत्री डॉ इरफान अंसारी, प्रदीप कुमार बलमुचु, राजेश ठाकुर, जलेश्वर महतो, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, बन्ना गुप्ता, रमा खलखो समेत सभी जिलाध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक समेत कई नेता मौजूद थे.

बदलाव संगठन का नियम : केशव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पूरे देश में संगठन में अमूल चूल परिवर्तन की लहर चल रही है. झारखंड में अभियान पूरी गति में है. अधिकांश प्रखंड और पंचायत में समिति का गठन हो चुका है. लगभग 10-15 प्रतिशत प्रखंड व पंचायतों में समिति का गठन बाकी है, जिसे जल्द पूरा करना है. साथ ही जिला समिति का पूर्ण गठन कर प्रदेश को सूचित करना है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की तर्ज पर जिला स्तर पर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया जायेगा. नव मनोनीत जिला अध्यक्षों, मंडल, प्रखंड अध्यक्षों व पदाधिकारियों का आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा. संगठन के लिए एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है. बदलाव संगठन का नियम है. इससे निराश होने की आवश्यकता नहीं है.

जिलाध्यक्षों को दिये गये निर्देश

बैठक में जिलाध्यक्षों को वोट चोर, गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान को पंचायत स्तर तक चलाने, म्यूनिसिपल अध्यक्ष एवं कमेटी का गठन, बीएलए की नियुक्ति करने, नवंबर माह में ग्राम पंचायत एवं म्यूनिसिपल कांग्रेस कमेटी की प्रखंड स्तरीय बैठक करने, एसआइआर के तहत होनेवाले गहन पुनरीक्षण पर गंभीरता बरतने, कांग्रेस की भू संपदा की सूची बनाने, प्रत्येक सप्ताह संगठन का प्रगति प्रतिवेदन बनाने का निर्देश दिया गया.

नवनिर्मित सभागार का उदघाटन

प्रदेश प्रभारी के राजू, सह प्रभारी सिरिवेला प्रसाद व प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो की मौजूदगी में कांग्रेस भवन में नवनिर्मित सभागार का उदघाटन किया गया. हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने अपने पिता पूर्व विधायक स्व लंबोदर पाठक की स्मृति सभागार का निर्माण कराया है. उदघाटन के बाद नवनिर्मित सभागार में ही जिलाध्यक्षों की बैठक हुई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJIV KUMAR

RAJIV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >