रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना वायरस की वजह से उत्पन्न संकट और प्रदेश में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामलों से निबटने के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया है. वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा की सहयोगी पार्टी कांग्रेस ने लॉकडाउन को बढ़ाये जाने के फैसले का स्वागत तो किया है, साथ ही केंद्र सरकार को घेरने की भी कोशिश की है. उसने केंद्र सरकार के मंत्रालयों में समन्वय के अभाव का आरोप लगाया है. इस बीच, दिल्ली से लौटे धनबाद के सांसद पीएन सिंह होम क्वारेंटाइन में चले गये हैं. इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार राज्य में सामाजिक सुरक्षा सुदृढ़ करने के साथ-साथ बाहर रह रहे श्रमिकों के लिए भी जल्द से जल्द मदद पहुंचाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने स्थान पर सुरक्षित रहें एवं अफवाहों पर ध्यान न दें. उधर, भाजपा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लॉकडाउन को बढ़ाये जाने की घोषणा देश की जनता की आवश्यकता एवं भावना के अनुरूप है. झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन को एक अभिभावक की चिंता करार दिया. कहा कि देश की जनता समझ चुकी है कि नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि देश के सच्चे प्रधानसेवक हैं, जिनके हृदय में 130 करोड़ देशवासियों के स्वास्थ्य और सुखी जीवन की चिंता है.