डकरा. सीसीएल सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह सोमवार को एनके एरिया की केडीएच और रोहिणी कोयला खदान का औचक निरीक्षण किया. डकरा पहुंचते ही वे सीधे केडीएच कोयला खदान पहुंच गये, जहां कोयला खनन का काम चल रहा था. जानकारी मिलने के बाद परियोजना के अधिकारी भी पीछे से पहुंचे. काम होता देख कर, हॉल रोड पर पानी का छिड़काव, मशीन का चलना और ड्यूटी पर तैनात लोगों को देख कर उन्होंने प्रशंसा की, लेकिन कहीं-कहीं सड़क खराब है, इसके बारे में पीओ अनिल कुमार सिंह से पूछा तो उन्होंने बताया कि डोजर समस्या के कारण सड़क नहीं बन पायी है. उन्होंने तुरंत सेंट्रल वर्कशॉप बरकाकाना में बात कर केडीएच को जरूरत के हिसाब से संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. वे रोहिणी कोयला खदान गये खदान की स्थिति को देख कर उन्होंने नाराजगी जतायी. परियोजना प्रबंधन को कई दिशा निर्देश दिये. सीएमडी अचानक क्यों आये और उन्होंने क्या देखा, इसके बारे में कोई भी स्थानीय अधिकारी कुछ बताने के लिए तैयार नहीं है. पिछले चार दिन से हर दिन उनके निरीक्षण की बात कही जा रही थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
