रांची : कोल इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अधिकारियों को परफॉर्मेंस रिलेटेड पे (पीआरपी) के भुगतान की समय-सारिणी जारी कर दी है. कंपनी के कॉरपोरेट प्लानिंग विभाग की ओर से कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों की वित्त वर्ष 2024-25 की एमओयू रेटिंग पहले ही संबंधित विभागों को भेजी जा चुकी है. कोल इंडिया के कार्यकारी स्थापना विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार पीआरपी भुगतान की प्रक्रिया में पहला चरण 17 अगस्त तक पूरा किया जाना था.
पीआरपी भुगतान का समय 25 अगस्त तक
इसमें अधिकारियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन घटक के आधार पर पीआरपी की संभावित पात्रता प्रतिशत की जानकारी संबंधित वित्त विभाग को देने का प्रावधान है. इसके बाद 19 अगस्त तक 65 प्रतिशत और 35 प्रतिशत घटक के लिए भुगतान की संभावित कुल राशि की जानकारी दी जानी है. इसके बाद कोल इंडिया का वित्त विभाग 21 अगस्त तक संबंधित वित्त विभागों को ग्रेडवार ‘किटी फैक्टर’ उपलब्ध करायेगा. इसी आधार पर पात्र अधिकारियों को पीआरपी का भुगतान 25 अगस्त तक करने का लक्ष्य रखा गया है.
कोल इंडिया की सभी कंपनियों को मिलेगा लाभ
पत्र में कहा गया है कि इ-8 और उससे ऊपर के ग्रेड के अधिकारियों तथा मैनेजमेंट ट्रेनी के मामले में अंतिम रेटिंग उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित कंपनियां किटी फैक्टर निर्धारित करने के लिए रेटिंग को अनुमानित कर सकती हैं. हालांकि वास्तविक भुगतान अंतिम रेटिंग के आधार पर ही किया जाएगा. इ-8 और उससे ऊपर के अधिकारियों का पीआरपी भुगतान वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम रेटिंग प्राप्त होने के बाद किया जाएगा. इसका लाभ कोल इंडिया की सभी कंपनियों को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: गेतलसूद डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, कभी भी खोले जा सकते हैं फाटक, अलर्ट
