सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रही चुरी होयर के बच्चों की प्रतिभा

सुविधाओं का अभाव ग्रामीण प्रतिभाओं के मनोबल को तोड़ रहा है.

खलारी. खेल के प्रति जुनून हो तो खेत भी स्टेडियम नजर आने लगते हैं, लेकिन सुविधाओं का अभाव ग्रामीण प्रतिभाओं के मनोबल को तोड़ रहा है. आज जहां सरकार खेलो झारखंड जैसे अभियानों के जरिए खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने का दावा कर रही है, वहीं चुरी होयर गांव के कुछ टोला की जमीनी हकीकत इन दावों से कोसों दूर नजर आती है. संसाधनों की कमी और प्रशासन की उदासीनता के कारण यहां के उभरते खिलाड़ी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, जिससे उनकी खेल क्षमता गांव की पगडंडियों तक ही सिमट कर रह गयी है. अगर समय रहते इन बच्चों को सही मंच और संसाधन नहीं मिले, तो भविष्य के कई बेहतरीन खिलाड़ी मैदान के अभाव में गुमनामी के अंधेरे में खो जाएंगे. इसी के तहत खलारी प्रखंड के चुरी दक्षिणी पंचायत अंतर्गत चुरी होयर गांव और उसके अंतर्गत अंबा डोंगरी, सामु टोंगरी, पियार टांड, और करंज तोरा टोला के बच्चों की स्थिति काफी दयनीय है, जो पर्याप्त खेल मैदान न होने के कारण गांव के खेतों को ही अपना रणक्षेत्र मानने पर मजबूर हैं.

खेतों को समतल कर खुद बनाया मैदान

होयर गांव के बच्चे अमन कुमार, रौशन कुमार, रोहित कुमार, बिक्की कुमार, हिमांशु कुमार, अमर कुमार, चंदन कुमार, अभिषेक कुमार, चंदन कुमार, अंकित कुमार, आदित्य कुमार और दिलीप ने बताया कि गांव में मैदान नहीं होने के कारण वे खेतों में ही क्रिकेट, फुटबॉल और बॉलीवाल खेलते हैं. उन्होंने खुद मेहनत कर खेत को खेलने लायक बनाया है. बच्चों ने दर्द साझा करते हुए कहा कि जब बारिश होती है, तो खेतों में पानी भर जाता है और हमारा खेलना बंद हो जाता है. आर्थिक तंगी के कारण हम खेल सामग्री भी नहीं खरीद पाते.

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार

बच्चों और गांव के बुद्धिजीवियों ने जिला प्रशासन, प्रखंड के जनप्रतिनिधियों और सरकार से अपील की है कि होयर गांव में एक सुव्यवस्थित खेल मैदान का निर्माण कराया जाये और जिला योजना के तहत खेल सामग्री उपलब्ध करायी जाये. चुरी होयर के ग्रामीणों का कहना है कि पढ़ाई के साथ शारीरिक विकास भी जरूरी है, लेकिन पर्याप्त संसाधनों के अभाव में बच्चे पिछड़ रहे हैं.

उचित प्रशिक्षण मिले तो रोशन होगा क्षेत्र का नाम

गांव के संजय यादव, टेक नारायण यादव, विजय यादव, भूषण यादव, कृष्णा यादव, तारकेश्वर यादव सहित कई बुद्धिजीवियों का मानना है कि गांव के कई बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में ज्यादा रुचि है. यदि उन्हें सही मैदान और

उचित प्रशिक्षण मिले, तो ये बच्चे राज्य और देश स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं. फिलहाल, संसाधनों की कमी इन बच्चों के भविष्य के आगे दीवार बन कर खड़ी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DINESH PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >