Ranchi Crime News: सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) रांची ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय, रांची के तीन अधिकारियों को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अधिकारियों में वरिष्ठ लेखा अधिकारी संतोष महतो, सहायक लेखा अधिकारी सुनील कुमार और सुजीत सिंह शामिल हैं.
बिल पास करने के एवज में मांगी थी रिश्वत
सीबीआई के अनुसार, एक शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया. सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद सीबीआई ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. आरोप है कि तीनों अधिकारियों ने सीआईएसएफ के एक कांस्टेबल से यात्रा भत्ता, बाल शिक्षा भत्ता समेत अन्य बिलों को प्रोसेस और पास करने के एवज में 48,400 रुपए की रिश्वत की मांग की थी.
ये भी पढ़ें- JSSC CGL घोटाला: CID ने दिल्ली से 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, बेंगाबाद से ASO हिरासत में
रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी
शिकायत के आधार पर सीबीआई एसीबी रांची की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की. इसी दौरान तीनों अधिकारियों को 48,400 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया. सीबीआई ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
रांची और धनबाद के पांच ठिकानों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपियों से जुड़े रांची और धनबाद के पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है. तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिलने की संभावना है. सीबीआई मामले में आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ में रांची के रामप्रसाद भी लापता, परिजन परेशान
