रांची. भारतीय ओलिंपिक संघ (आइओए) ने सोमवार को देश में मुक्केबाजी के मामलों के संचालन के लिए पांच सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन किया, क्योंकि राष्ट्रीय महासंघ समय पर चुनाव कराने में विफल रहा. भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआइ) के पूर्व कोषाध्यक्ष सह झारखंड ओलिंपिक संघ (जेओए) के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक इस एडहॉक कमेटी के चेयरमैन बनाये गये हैं. राज्यसभा सांसद सह आइओए की अध्यक्ष डॉ पीटी उषा ने सोमवार को इस आशय का पत्र जारी किया है. पत्र में कहा गया कि आइओए में निहित अधिकारों के अनुसार भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के मामलों की देखरेख करने और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव होने तक इसकी गतिविधियों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया जाता है. एडहॉक कमेटी में राजेश भंडारी वाइस चेयरमैन बनाये गये हैं. इनके अलावा डॉ डीपी भट्ट, शिवा थापा और विरेंदर सिंह ठाकुर इसके सदस्य बनाये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
