भर्ती परीक्षा विवाद पर भाजपा का 1 अगस्त को सभी जिलों में प्रदर्शन, 31 जुलाई को निकलेगा मशाल जुलूस

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है. 31 जुलाई को मशाल जुलूस और 1 अगस्त को भाजयुमो के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा. भाजपा की प्रमुख मांगों में सभी विवादित परीक्षाएं रद्द करना और सीबीआई जांच शामिल है.

रांची : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. भाजपा ने 31 जुलाई की शाम सभी मंडलों में मशाल जुलूस और 1 अगस्त को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन करने की घोषणा की है. प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के न्याय की लड़ाई में भाजपा पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है.

भाजपा की प्रमुख मांगें

प्रेसवार्ता में अमर बाउरी ने राज्य सरकार के सामने कई मांगें रखीं. उन्होंने मांग की कि:

  • सभी विवादित भर्ती परीक्षाएं रद्द की जाएं.
  • पिछले छह वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए.
  • गड़बड़ियों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को सजा दिलाई जाए.
  • कांग्रेस राज्य सरकार से तत्काल समर्थन वापस ले.
  • नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा दें.

'सरकारी एजेंसियां असली मास्टरमाइंड को बचा रही हैं'

अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की जांच एजेंसियां असली मास्टरमाइंड को बचाने का काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि सीआईडी और एसीबी की जांच केवल "आईवॉश" बनकर रह गई है और सरकार हर घोटाले की जांच को भटकाने का प्रयास कर रही है.

'भाजपा के आंदोलन के बाद शुरू हुई कार्रवाई'

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा मामले में कार्रवाई तब शुरू हुई, जब भाजपा और भाजयुमो ने आंदोलन तेज किया. उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय के घेराव के बाद सीआईडी जांच बैठाई गई, कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई और जेपीएससी अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया. हालांकि, उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पर्याप्त नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई ही कर सकती है.

युवाओं के आक्रोश का किया जिक्र

अमर बाउरी ने कहा कि राज्य के युवा लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, जूनियर इंजीनियर सहित कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां हुई हैं और युवाओं का सरकार से विश्वास उठ चुका है.

केंद्र सरकार के एंटी पेपर लीक कानून का किया स्वागत

भाजपा नेता ने राष्ट्रीय स्तर पर लागू किए गए एंटी पेपर लीक कानून का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल तथा संसद के दोनों सदनों के सांसदों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून बनाया है, जबकि झारखंड सरकार परीक्षाओं में गड़बड़ियों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है.

प्रेसवार्ता में ये नेता रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, रमाकांत महतो और रविनाथ किशोर भी उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें...

'रांची को दिल्ली का जंतर-मंतर मत बनने दीजिए सर', JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की सीएम हेमंत सोरेन से अपील

निलंबित IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे को सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत, वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा है मामला



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >