मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजारटांड़ मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार की अल सुबह छह बजे अज्ञात अपराधियों ने नसीम खान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना के बाद अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये अज्ञात अपराधियों ने नसीम खान के घर के बाहर करीब चार राउंड गोली चलायी और फरार हो गये. फायरिंग के दौरान अपराधियों ने धमकी दी कि “पैसा नहीं दोगे तो इसी तरह होता रहेगा”, जिससे घटना को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. मामले में नसीम खान ने बताया कि वे पेशे से ड्राइवर हैं और उन्हें किसी से पूर्व में कोई झगड़ा व विवाद नहीं है. अचानक हुई इस वारदात से उनके परिवार में दहशत है. सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी आरएन चौधरी, मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. हालांकि फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस इलाके में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है. अपराधी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.