सितंबर में लगातार 5 दिन ठप रहेगा बैंकिंग कामकाज, इन मांगों को लेकर UFBU का देशभर में हड़ताल का आह्वान

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-दिवसीय बैंकिंग और PLI मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है. सितंबर में लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहने से आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.

रांची : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-दिवसीय बैंकिंग (Five-Day Banking) और प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है. बैंक यूनियनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार और प्रबंधन वार्ता के जरिए समाधान निकालने के लिए आगे नहीं आता है, तो सितंबर महीने में देश भर में बैंकिंग कामकाज बुरी तरह ठप रहेगा.

11 सितंबर को पहली स्ट्राइक

यूएफबीयू के संयुक्त संयोजक एमएल सिंह और मनीष सिंह ने एक संयुक्त बयान जारी कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की है. उन्होंने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन के तहत 11 सितंबर को पहली देशव्यापी हड़ताल की जाएगी. 11 सितंबर (शुक्रवार) को हड़ताल के तुरंत बाद शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी है, जिससे लगातार तीन दिन काम प्रभावित रहेगा. इसके बाद, 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है. चूंकि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है, इसलिए महीने के अंत में लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह से बाधित रहेंगी.

ये भी पढ़ें: झारखंड में जल्द लागू हो एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट, बार काउंसिल ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की मांग

27 अगस्त को रांची के प्रधान टावर के पास शाम को विशाल प्रदर्शन

आंदोलन के प्रथम चरण की शुरुआत 27 अगस्त 2026 से हो रही है. इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को संध्या 5:15 बजे रांची स्थित प्रधान टावर के समीप बैंक ऑफ इंडिया (आंचलिक कार्यालय) के समक्ष बैंक अधिकारी और कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन करेंगे.

बाजार और आम जनता पर पड़ेगा व्यापक असर

लगातार हड़ताल और छुट्टियों के कारण आम नागरिकों को चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और अन्य जरूरी वित्तीय लेन-देन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है. इस हड़ताल को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रमुख यूनियनों- AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC का पूर्ण समर्थन प्राप्त है.

ये भी पढ़ें: डिजायर कार में छिपाकर रखा गया था 60 लाख का गांजा, पलामू के सतबरवा में सीपीसी ऑपरेटर गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >