कांटाटोली में खुले नाले में डूब गया दो वर्ष का मासूम

राजधानी में फुटबॉल खेलने के दौरान नाले में बह गये दो बच्चों में से एक मो फरहान (दो वर्ष) की मंगलवार को डूबने से मौत हो गयी

रांची. राजधानी में फुटबॉल खेलने के दौरान नाले में बह गये दो बच्चों में से एक मो फरहान (दो वर्ष) की मंगलवार को डूबने से मौत हो गयी. घटना के वक्त बच्चों को बचाने की मां ने कोशिश की, लेकिन एक बच्चे का हाथ छूट गया और उसकी मौत हो गयी. दूसरे बच्चे मो अरहान (तीन वर्ष) को उसकी मां ने बचा लिया. यह दर्दनाक घटना कांटाटोली के मौलाना आजाद कॉलोनी के रोड नंबर सात में हुई. दोनों मासूम भाइयों का घर नाले के पास में ही स्थित है. उनके पिता का नाम मो अरसद है, जिनका नाले के पास ही आवास है.

घटना मंगलवार दिन के 11 बजे की है

घटना मंगलवार दिन के 11 बजे की है. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सारी प्रक्रिया पूरी की. जानकारी के अनुसार, खुले नाले को तार लगा कर घेरने की योजना बनायी गयी थी, लेकिन समय रहते इस काम को पूरा नहीं किया गया. मंगलवार को दोनों बच्चे मो अरहान (तीन वर्ष) व मो फरहान (दो वर्ष) फुटबॉल खेलते हुए फिसल कर नाले में बहने लगे. बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी मां बाहर निकली और दौड़ कर बहते हुए पानी में कूद गयी. उसने मो अरहान का हाथ मजबूती से पकड़ लिया. इस क्रम में मां ने मो फरहान का भी हाथ पकड़ लिया था, लेकिन वह उनकी पकड़ से अचानक छूट गया और तेज बहाव में थोड़ी दूर बह गया. कुछ दूर आगे जाकर अत्यधिक पानी पेट में चले जाने के कारण डूब गया.

गोताखोरों ने मासूम को निकाला, पर नहीं बची जान

बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से मो फरहान को नाले से निकाल कर सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे के पिता मो अरसद मजदूरी करते हैं, जबकि बच्चों के दादा मो सलीम गैरेज चलाते हैं. दोनों बच्चे पढ़ने के लिए आंगनबाड़ी में जाते थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHAT GOPAL JHA

PRABHAT GOPAL JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >